google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Crime News

फर्रुखाबाद : एकतरफा प्यार में महिला को जिंदा जलाया, 70% झुलसी, खुद उठी स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंची…मौत

फर्रुखाबाद में युवक ने एकतरफा प्यार में शादीशुदा महिला को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। तब तक आरोपी फरार हो गए। लोगों ने आग बुझाई। करीब 70% झुलसी महिला खुद उठी और स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंची। हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वारदात शहर मुख्यालय से 12 किमी दूर जहानगंज थाना इलाके में शनिवार सुबह 9-10 बजे हुई। महिला के पिता ने दावा किया कि बेटी ने मौत से पहले उसे आरोपी का नाम और उसके साथियों की संख्या बताई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दीपक समेत 6 लोगों पर FIR दर्ज की है। इसमें 5 अभी अज्ञात हैं।

मामले में मृतक महिला की बहन ने बताया कि दीपक नाम का लड़का मेरी बहन को कई दिनों से परेशान कर रहा था। वो बहन पर दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। मेरी बहन उसे इग्नोर कर रही थी। लेकिन वो पीछे पड़ा था।

ASP संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। महिला का पति दिल्ली में नौकरी करता है। जबकि महिला किराए के घर दो बेटों के साथ रहती थी।

महिला का नाम निशा (33) था। वह मूलरूप से जहानगंज थाना क्षेत्र के झिझुकी गांव की रहने वाली थी। 2013 में मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव जिलापुर निवासी अमित चौहान के साथ शादी हुई थी। अमित चौहान दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं, जबकि निशा फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नेकपुर में किराए के मकान में 11 और 8 साल के दो बेटों के साथ रहती थी। निशा के पिता बलराम सिंह शिक्षा मित्र हैं। उन्होंने बताया- 6 सितंबर को मेरी बेटी निशा फर्रुखाबाद दवाई लेने के लिए स्कूटी से गई थी। रास्ते में सुनसान जगह पर उसके साथ ये वारदात हुई। जिला अस्पताल के डॉक्टर धीरेंद्र सिंह चौहान ने बेटी के फोन से कॉल करके सूचना दी कि आपकी बेटी जली अवस्था में आई है। मैं भागकर अस्पताल पहुंचा, मेरी बेटी निशा पूरी तरह जली हालत में थी। वो तड़प रही थी।

पिता ने दावा किया कि जख्मी हालत में वारदात के बारे में उसने मुझे जानकारी दी। कहा- वह दवा लेने जा रही थी। कुंदन गणेशपुर स्कूल के पीछे नगला जैतपुर के रहने वाले दीपक और उसके साथ आए 5 लोगों ने मुझे घेर लिया। वो बोतल में पेट्रोल लेकर आया था।

पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। फिर मौके से भाग गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग आए। उस वक्त मुझे ज्यादा कुछ समझ नहीं आया। मैं किसी तरह खुद स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंची। घटनास्थल से अस्पताल की दूरी करीब 500 मीटर थी।

अस्पताल में जली महिला को देखकर हड़कंप मच गया। शरीर 70% झुलसा था। डॉक्टर्स ने फर्स्ट एड दिया। पहले लोहिया अस्पताल और फिर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रविवार रात महिला ने दम तोड़ दिया।

‘द सर्च’ अस्पताल के डॉ संजय सिंह चौहान ने बताया- महिला खुद ही स्कूटी से अस्पताल आई थी। वो बुरी तरह से जली हुई थी। मैंने ही उसके नंबर से उनके पिता को कॉल करके सूचना दी। तब उनके पिता आए थे। उसे पेट्रोल डालकर जलाया गया था।

अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया- मुख्य आरोपी दीपक समेत उसके 5 अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। हम लोगों ने निजी अस्पताल और लोहिया अस्पताल में जाकर डॉक्टरों से पूछताछ की। फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें लगाई गई हैं। मौके पर लगे CCTV की फुटेज खंगाली जा रही हैं। आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *