लखनऊ में बिरयानी में पीस को लेकर मारपीट
लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे स्थित एक रेस्टोरेंट में बिरयानी के पीस को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद दुकानदार ने साथी कर्मचारियों के साथ ग्राहक पर हमला कर दिया। रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों ने लोहे की रॉड से मारपीट कर ग्राहक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।
टेढ़ी पुलिया निवासी सूरज प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया अपने साथी मोहम्मद आमिर के साथ बुधवार रात मुगलई जायका रेस्टोरेंट पर बिरयानी पैक कराने गए थे। इस दौरान बिरयानी के पीस को लेकर उनका रेस्टोरेंट मालिक रिजवान से विवाद हो गया। सूरज ने आपत्ति जताते हुए पीस बदलने की बात कही। जिस पर रिजवान गाली-गलौज करने लगा।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद रिजवान ने लोहे की रॉड उठा ली और अपने साथी जमीर समेत 10-12 कर्मचारियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सूरज के सिर पर रॉड से वार किया। जिससे उनका सिर फट गया, वहीं हाथ पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिससे उसका हाथ टूट गया। गंभीर चोट लगने से सूरज मौके पर ही बेहोश हो गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे वकील देवेन्द्र प्रताप सिंह को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके हाथ पर रॉड मार दी। जिससे वह भी गिर पड़े। घटना में मोहम्मद आमिर भी घायल होकर अचेत हो गए।
घटना के बाद सभी घायल थाने पहुंचे। जहां से पुलिस ने उन्हें अस्पताल मेडिकल के लिए भेजा दिया। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा का कहना है पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

