बार एसोसिएशन सुलतानपुर में वित्तीय गड़बड़ी, दो पूर्व अध्यक्ष और महासचिवों से 11.45 लाख की वसूली
सुलतानपुर बार एसोसिएशन में वित्तीय अनियमितता के गंभीर मामले सामने आए हैं। साधारण सभा की 26 अप्रैल 2025 की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार कई पूर्व पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
साल 2020-21 के पूर्व अध्यक्ष नागेन्द्र कुमार सिंह (पंजीकरण संख्या 4378/1986) और तत्कालीन महासचिव राकेश कुमार श्रीवास्तव (पंजीकरण संख्या 4974/1986) की कल्याणनिधि से 1,83,654 रुपये प्रत्येक की राशि समायोजित की गई है।
वर्ष 2023-24 के पूर्व अध्यक्ष अरविन्द कुमार पाण्डेय (पंजीकरण संख्या 1308/1992) और तत्कालीन महासचिव आर्तमणि मिश्र (पंजीकरण संख्या 6841/2006) के मामले में प्रत्येक की कल्याणनिधि से 4,00,000 रुपये समायोजित किए गए हैं। दोनों पदाधिकारियों को शेष 3,61,770 रुपये जमा करने के लिए 15 मई 2025 तक का समय दिया गया था।
निर्धारित समय में नहीं की जमा निर्धारित समय सीमा में राशि जमा न करने के कारण अरविन्द कुमार पाण्डेय और आर्तमणि मिश्र की सदस्यता समाप्त कर दी गई है। बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि अब इन सभी पदाधिकारियों को केवल कल्याणनिधि की शेष धनराशि ही नियमानुसार देय होगी।