google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Dailynews

बलिया में मुहर्रम के जुलूस में फायरिंग, दो घायल

बलिया में रविवार को ताजिया जुलूस के दौरान तार हटाने को लेकर दो समुदायों में विवाद हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया। रात करीब 11 बजे जब ताजिया जुलूस वापस लौट रहा था, तभी दोनों समुदायों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते बात मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। जबकि दो लोगों का सिर फट गया। चारों घायलों को हास्पिटल में भर्ती करवाया गया है।

मामला रेवती थाना क्षेत्र के खरिका गांव है। नौसाद अंसारी (21) और अर्श मोहम्मद (16) को गोली लग गई। जबकि टीपू अंसारी (20), मोहम्मद इंतजार (18) पथराव में घायल हो गए। SP ओमवीर सिंह ने लापरवाही बरतने पर थाना इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया और SI और एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया।

वहीं जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के सधनपुर गांव में ताजिया ले जाते समय करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई।

रविवार शाम रेवती के खरिका गांव से ताजिया जुलूस निकला। जुलूस कौवलेन पाण्डेय का टोला में पहुंचा तो ताजिया की ऊंचाई ज्यादा होने से बिजली का तार छूने लगा। तभी ताजिया ले जा रहे लोग तार को काटने लगे। तभी हिंदू पक्ष के लोग मना करने लगे।

इस पर ताजिया ले जा रहे लोग जिद पर अड़ गए। दोनों में विवाद शुरू हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। फिर ताजिया कर्बला के लिए भेजा गया। लेकिन रात 11 बजे लौटते समय दोनों पक्षों में फिर कहा-सुनी हो गई।

इस पर हिंदू पक्ष के कुछ लोगों ने बंदूक निकाल ली। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। इस पर एक युवक ने फायरिंग कर दी। जिसमें 2 लोगों को गोली लग गई। मौके पर अफरातफरी मच गई। सभी घायलों को पहले सीएचसी रेवती ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में नौसाद अंसारी और अर्श मोहम्मद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि 06 जुलाई को लगभग 11.00 बजे ताजिया वापस आने के समय मारपीट व गोली चलने कि सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल खुद फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो पता चला कि सुबह मोहर्रम में ताजिये निकलने के रास्ते में घर के सामने तार को लेकर विवाद हो गया था।

वापस आते समय उसी स्थान पर मारपीट हो गया। जिसमें एक पक्ष के 04 लोगों को चोट आई है। जिसमें 02 लोगों तो गोली लगी है। चारों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। दो लोगों को सिर में चोट आई है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी ने बताया कि अर्श मोहम्मद के पिता की तहरीर पर तीन नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

घटना के बाद SP ओमवीर सिंह ने थाना इंचार्ज प्रशांत चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है। उपनिरीक्षक जितेन्द्र पाण्डेय तथा आरक्षी आनन्द कुमार को सस्पेंड कर दिया। उप निरीक्षक जितेन्द्र पाण्डेय एवं आरक्षी आनन्द कुमार को ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *