यूपी में गैस किल्लत, रात 3 बजे से लाइनें लगी, पुलिस की मौजूदगी में बंट रहे सिलेंडर
यूपी में रसोई गैस (LPG) की किल्लत हो गई है। बुकिंग के 4 से 5 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। बुधवार को दूसरे दिन भी गैस एजेंसियों के बाहर लाइनें लगी हैं।
गोरखपुर-सिद्धार्थनगर में पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर बांटे जा रहे हैं। कई जगह गैस एजेंसियों पर तड़के 3 बजे से ही लोग सिलेंडर लेकर पहुंच गए। घंटों इंतजार कर रहे, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। वजह- सिलेंडर कम हैं और लेने वालों की संख्या ज्यादा।
इधर, सीएम योगी ने सख्त आदेश दिया है। उन्होंने कहा- गैस और तेल की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गैस की किल्लत को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने सभी जिलों के डीएम और एसपी को निगरानी रखने को कहा है। हालांकि, अफसरों का कहना है कि परेशान होने की जरूरत नहीं है। गैस कंपनियों ने भी ग्राहकों को मैसेज भेजकर गैस की किल्लत की खबरों से इनकार किया है। उनका कहना है कि ईंधन की कमी के दावे भ्रामक और निराधार हैं।
इधर, तेल कंपनियों ने घटते स्टॉक के चलते कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगा दी। एजेंसियों को फिलहाल सिर्फ घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों पर पड़ रहा है। उन्हें कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
यूपी में 4.26 करोड़ घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं। इनमें उज्ज्वला योजना के तहत 1.87 करोड़ कनेक्शन शामिल हैं। प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 5-6 लाख सिलेंडरों की खपत होती है।
आगरा में सिलेंडर लेने पहुंचे ग्राहक ने बताया- दो दिन से सिलेंडर के लिए चक्कर लगा रहा हूं। मेरे बच्चे भूखे मर रहे हैं। एजेंसी वालों ने शटर भी गिरा दिया है। अब बच्चों को लेकर कहां जांऊ। गोरखपुर के पीपीगंज में आशी इंडेन गैस एजेंसी में सिलेंडर को लेकर मारपीट हुई। पुलिस वालों के सामने युवकों ने एक-दूसरे को लात-घूंसे मारे। हालांकि बाद में पुलिस ने किसी तरह मामले को संभाला और दो युवकों को पकड़कर ले गई।
गाजीपुर के दिलदारनगर क्षेत्र स्थित वायरलेस मोड़ पर भारत मधु गैस एजेंसी के बुकिंग काउंटर पर बुधवार को गैस सिलेंडर बुक कराने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। ग्राहक अपनी बारी का इंतजार करते हुए लंबी कतार में खड़े नजर आए।
उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि पिछले कुछ दिनों से गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इस कारण उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कानपुर के बिल्हौर स्थित एचपी गैस एजेंसी पर बुधवार सुबह 10 बजे के बाद भी ताला लटका रहा। एजेंसी के बाहर न तो कोई कर्मचारी मौजूद था और न ही कोई उपभोक्ता दिखाई दिया। लोगों का कहना है कि एजेंसी के कर्मचारियों को फोन करने पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे गैस लेने आने वाले उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

