स्विग्गी में नौकरी का सुनहरा मौका, आपके जिले में ही मिलेगी इतनी सैलरी
बिहार सरकार के युवा, रोजगार और कौशल विकास विभाग के तहत जिला नियोजनालय, लखीसराय की ओर से 18 मार्च को 2026 को एक खास जॉब कैंप आयोजित किया जा रहा है. खास बात यह है कि इस कैंप में देश की जानी-मानी फूड डिलीवरी कंपनी Swiggy Ltd. सीधे युवाओं की भर्ती करेगी. ऐसे में अगर आप भी रोजगार की तलाश में हैं, तो यह मौका हाथ से न जाने दें. बता दें इस कैंप के जरिए युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का सीधा अवसर मिलेगा.
लखीसराय जिला नियोजन पदाधिकारी सिखा रॉय ने जानकारी देते हुए बताया कि कैंप का आयोजन सुबह 11 बजे से किया जाएगा. इसमें स्विगी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी भाग ले रही है, जो डिलीवरी पद के लिए उम्मीदवारों का चयन करेगी. इच्छुक अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू लेकर चयन किया जाएगा.
बताया गया है कि इस भर्ती के लिए 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 8वीं या 10वीं पास रखी गई है. चयनित उम्मीदवारों को 10,000 से 20,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा. कुल 10 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी और पुरुष व महिला दोनों उम्मीदवार इसमें शामिल हो सकते हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि चयनित अभ्यर्थी के लिए नौकरी का लोकेशन लखीसराय, मारांची आसपास ही रहेगा. यानी आसपास के जिलों के युवाओं के लिए भी यह सुनहरा अवसर है.
ये दस्तावेज लाना जरूरी, वरना छूट सकता है मौका
कैंप में शामिल होने के लिए बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, लर्निंग डीएल, बाइक से संबंधित कागजात, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, अंक पत्र और दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना अनिवार्य है. साथ ही अभ्यर्थियों को NCS पोर्टल (www.ncs.gov.in) पर पहले से रजिस्ट्रेशन करना होगा. जिला नियोजन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक अभ्यर्थी तय समय पर पहुंचकर मौके का लाभ उठाएं.

