गोरखपुर : डिस्को में लड़के -लड़कियों में मारपीट
गोरखपुर के रामगढ़ताल क्षेत्र के एक डिस्को क्लब में लड़के-लड़कियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तरफ लड़के लड़कियां नशे में डांस कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर लड़के और लड़कियों में हाथापाई हो रही है।
घटना नौका विहार के ताल में संचालित हाउस बोट के अंदर की बताई जा रही है। रामगढ़ताल पुलिस वीडियो की जांच में जुट गई है। गुरुवार कोसोशल मीडिया पर एक डिस्को के अंदर का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि करीब 50 से अधिक लड़के-लड़कियां नशे में झूम रहे हैं। वहीं एक सोफे पर तीन लड़कियां मारपीट करती दिख रही हैं। थोड़ी ही देर बाद वहां खड़े लड़कों से भी लड़कियां लड़ने लगती हैं। एक दूसरे पर लड़के लड़कियां थप्पड़ बरसाते दिख रहे हैं। क्लब के बाउंसर लड़कियों को उठाकर अलग कर रहे हैं।
वहीं भीड़ में अधिकतर लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं। गाने के शोर के बीच मारपीट करने वाली लड़कियों के चिल्लाने की आवाज भी गूंज रही है। मारपीट की सूचना पर जब पुलिस पहुंची। तब तक बवाल करने वाले लड़के लड़कियां रेस्टोरेंट से निकल चुके थे। रामगढ़ताल किनारे हाउस बोट में रेस्टोरेंट संचालित हो रहे हैं। यहां एक रेस्टोरेंट में डिस्को क्लब भी संचालित किया जा रहा है। जिसमे नई उम्र की लड़कियां लड़कों के साथ पहुंच रही हैं। देर रात तक शराब, बीयर पीकर डिस्को में लोग झूमते रहते हैं। नशे में आए दिन यहां मारपीट का मामला सामने आता है। इससे पहले भी कई बार लड़कियों के मारपीट के वीडियो भी वायरल हुए हैं। इसको लेकर कई बार पुलिस ने कार्रवाई भी की है। लेकिन शराब का डोज अधिक होने पर लड़के लड़कियां बवाल कर ही देते हैं।गुरुवार को रामगढ़ताल किनारे संचालित कई रेस्टोरेंट में जाकर पुलिस ने चेकिंग की। इस दौरान शराब पी रहे लोगों की तलाशी भी ली गई। रामगढ़ताल थाना प्रभारी चितवन कुमार ने कहा – अब रात के समय रेस्टोरेंट में चेकिंग का अभियान चलता रहेगा। सैर सपाटे वाली जगह पर आकर मारपीट करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।