सेल्फी से भड़का दूल्हा, स्टेज पर दुल्हन को मारी लात
बाराबंकी में सेल्फी से परेशान दूल्हे ने स्टेज पर दुल्हन को लात मार दी। समझाने आए ससुर पर भी हाथ उठा दिया। धक्का देकर स्टेज से नीचे धकेल दिया। बवाल बढ़ता देख बाराती और घराती आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। जमकर कुर्सियां चलीं। सभी एक-दूसरे पर लात-घूसे बरसाने लगे।
बवाल में किसी का सिर फटा तो कई लोगों के चोट आई। इस दौरान दूल्हे की दीदी और जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को किसी तरह शांत कराया। पूर्व प्रधान ने भी बीच-बचाव कराया।
दोनों पक्षों के समझौते में तय हुआ कि मारपीट से हुए नुकसान की भरपाई दूल्हा पक्ष करेगा। इसके बाद शादी की बाकी की रस्में पूरी की गईं। घटना शुक्रवार रात 1 बजे रामनगर थाना क्षेत्र के गणेशपुर कस्बे की है।
गणेशपुर के रहने वाले मूर्तिकार ने बेटी की शादी बहराइच निवासी लड़के से तय की थी। लड़का टाइल्स लगाने का काम करता है। 20 फरवरी की रात बारात पूरे धूमधाम और बैंड-बाजे के साथ पहुंची। द्वारपूजा और स्वागत की रस्में हंसी-खुशी के माहौल में पूरी हुईं। रिश्तेदार और गांव के लोग खुशी में शामिल थे।
एक तरफ जहां खाने की व्यवस्था चल रही थी। वहीं, दूसरी ओर जयमाल की तैयारी की जा रही थी। द्वारपूजा के बाद दूल्हा सेहरा बांधे स्टेज पर पहुंचा। कुछ देर बाद दुल्हन भी जयमाल के लिए पहुंची। स्टेज पर मौजूद लोग दूल्हे के साथ सेल्फी ले रहे थे।
दूल्हे ने कई बार मना किया, लेकिन लोग नहीं माने। इससे दूल्हा भड़क गया। उसने दुल्हन को लात मार दी। दुल्हन के पिता हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए वहां पहुंचे। दूल्हे ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की। तभी स्टेज के नीचे खड़े घराती-बाराती में भी कहासुनी होने लगी।
देखते-देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि लोग एक-दूसरे को कुर्सी और टेंट में लगे लोहे के पाइप से मारने लगे। वहां मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया। साथ ही घायल लोगों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।
दुल्हन और पिता ने कहा- दूल्हे की हरकतों से बवाल हुआ दुल्हन ने बताया कि झगड़े की शुरुआत दूल्हे की हरकतों के बाद शुरू हुईं। जयमाल के दौरान दूल्हा नशे में था। उसने बिना किसी उकसावे के मारपीट शुरू कर दी। उसने पिता के साथ-साथ मेरी मां और भाई से भी मारपीट की।
वहीं, पिता ने कहा कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर करीब 7 लाख रुपए शादी में खर्च किए थे। जब उन्होंने समझाने की कोशिश की तो दूल्हे ने उनके साथ भी हाथापाई शुरू कर दी।
दूल्हा बोला- स्टेज पर खड़े लोगों ने झगड़ा शुरू किया दूल्हे ने बताया कि मैं स्टेज पर खड़ा था। लोग बकवास कर रहे थे। मैंने रोका तो झगड़ा करने लगे। वे लोग मुझ पर शराब पीने का आरोप लगा रहे थे, जबकि मैंने शराब नहीं पी थी। विवाद कैसे हुआ, ये हमें नहीं मालूम।
डेढ़ घंटे तक पंचायत के बाद हुआ समझौता
- आसपास के लोगों ने नाम न छापने की शर्त बताया कि लड़की सिर्फ कक्षा पांच तक पढ़ी है। शादी पहले से तय थी। पिछले साल 25 नवंबर को रिश्ता पक्का किया गया था। बवाल रात 1 बजे हुआ। समझौते के बाद सुबह 4 बजे से शादी की रस्में शुरू हुईं।
- पूर्व प्रधान दीपचंद शिल्पकार की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे तक पंचायत चली। पंचायत में तय हुआ कि टूटी कुर्सियों का कुल नुकसान 5,000 रुपए का है। इसके बाद 2,500 रुपए लड़की पक्ष और 2,500 रुपए लड़के पक्ष की ओर से दिए गए। मारपीट में लड़की के मामा, चाचा और चचेरे भाई को चोटें आईं। वहीं, दूल्हे के बहनोई का सिर फट गया। बहन को भी चोट लग गई।

