Crime News

हरियाणा : महायज्ञ में आए ब्राह्मणों पर फायरिंग: लखनऊ के ब्राह्मण को लगी गोली; तोड़फोड़-पथराव

Share News

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में महायज्ञ में आए ब्राह्मणों पर शनिवार सुबह साढ़े 9 बजे आयोजकों के सुरक्षा गार्डों ने फायरिंग कर दी। जिसमें लखनऊ से आए ब्राह्मण आशीष तिवारी को गोली लग गई। इससे ब्राह्मण भड़क गए। इसके बाद उनकी और आयोजकों के हायर निजी एजेंसी के सुरक्षा गार्डों के बीच मारपीट हुई। इसमें लखीमपुर के रहने वाले प्रिंस शुक्ला भी जख्मी हो गए।

इसके बाद ब्राह्मण भड़क गए। वह यज्ञशाला से बाहर निकले और तोड़फोड़ व पथराव शुरू कर दिया। गुस्साए ब्राह्मणों ने महायज्ञ की यज्ञशाला का मुख्य द्वार तोड़ दिया। डंडे-पत्थरों से रोड पर लगे बैनर-होर्डिंग भी फाड़ दिए। फिर उन्होंने थीम पार्क के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर जाम लगा दिया। वहां से गुजरने वाली गाड़ियों को जबरन रोकना शुरू कर दिया।

बवाल मचने का पता चलते ही कुरुक्षेत्र पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने ब्राह्मणों को शांत करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस ने ब्राह्मणों को सड़क से हटा दिया है। शहर में सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। यज्ञशाला में उज्जैन, बनारस, वृंदावन, लखनऊ, लखीमपुर, दमोह से भी ब्राह्मण यहां आए हैं। उनका आरोप है कि यहां उन्हें बासी खाना दिया जा रहा है।

वहीं पुलिस का कहना है कि एक ब्राह्मण को गोली, दूसरे को पत्थर लगा है। गोली चलाने वाले आरोपी सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में प्रदर्शन कर रहे ब्राह्मणों ने कहा कि उन्हें लगातार बासी खाना दिया जा रहा था। जिसके विरोध पर उनकी पहले भी आयोजकों के बाउंसर यानी गार्डों से बहस हुई थी। ब्राह्मणों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले दिन से ही बाबा के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उन्हें किसी न किसी बात को लेकर परेशान कर रहे थे। कभी भी किसी के साथ मारपीट कर देते थे। कोई घूमता दिखाई देता तो उसे भी थप्पड़ या डंडा मार देते थे।

आशीष तिवारी ने बताया- प्रयागराज के हरिओम बाबा ने 1008 कुंडीय यज्ञ रखा है। इसमें 1008 ब्राह्मण को बुलाया था। पहले वृंदावन के 70 ब्राह्मणों को पीटा, वे भाग गए। आज यज्ञ के बाद ब्राह्मण नाश्ता करने गए थे। नाश्ते से बदबू आ रही थी। उन्होंने विरोध किया तो गार्ड ने गाली दी। उन्होंने कहा कि वे बाबा से शिकायत करने जा रहे है। इस पर गार्ड ने उन पर लाठी से हमला कर दिया। ईंटे चलाई। ये सुरक्षा गार्ड निजी है, जिन्हें सरकारी बताकर यहां लगाया गया है।

  • MP से आए ब्राह्मण प्रशांत ने कहा- 6 फायर किए मध्य प्रदेश के दमोह के ब्राह्मण प्रशांत अवस्थी ने कहा कि गोली मारने वाला गुरुजी के पास आया था। वह मोटा था और सफेद कपड़े पहने थे। उसका मुंह भी नहीं ढका था। उसने 6 फायर किए। खाना खाने जा रहे थे तो गाली गलौज भी की गई। ब्राह्मणों को लाठी-डंडे लेकर मारने के लिए भी काफी दूर तक पीछे आए। एक ब्राह्मण को गोली मारी, उसकी जान चली जाएगी, तो कौन जवाब देगा।
  • आयोजक स्वामी हरिओम दास बोले- बहरूपिया होगा, यज्ञ नष्ट करने की साजिश यज्ञ आयोजक स्वामी हरिओम दास ने कहा- हमारे ऊपर आरोप-प्रत्यारोप जो लगाते है, ठीक है, लेकिन यज्ञ को संपूर्ण करें, मेरी ये प्रबल इच्छा है। किसी भी प्रकार से कोई त्रुटि हुई होगी, उसकी जांच कर उचित दंड दिया जाए। इतने लोग है, अब हम हर आदमी को नहीं जानते। कौन बहरूपिया किस रूप में आकर फायरिंग करता है, मैं कैसे कहूं। कुछ षडयंत्रकारी यज्ञ को किसी भी तरह नष्ट करना चाहते है।
  • पुलिस प्रवक्ता बोले- 2 घायल हुए, आरोपी पर कार्रवाई कर रहे कुरुक्षेत्र पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने कहा- कुरुक्षेत्र थीम पार्क में 1008 कुंडीय जनकल्याण महायज्ञ के दौरान सुबह करीब 9:30 बजे सैनी धर्मशाला में नाश्ता करने गए कुछ ब्राह्मण और सुरक्षाकर्मियों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। इसी दौरान एक सुरक्षाकर्मी से चली गोली एक ब्राह्मण को लग गई। एक युवक पत्थर लगने की वजह से घायल हुआ था। दोनों घायल खतरे से बाहर हैं और उपचाराधीन हैं। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जाम भी शांतिपूर्ण तरीके से खुलवा दिया गया है। किसी प्रकार का बलप्रयोग नहीं किया गया।

महायज्ञ से जुड़ी 2 अहम बातें

  • 18 मार्च से चल रहा महायज्ञ कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ हो रहा है। यह महायज्ञ 18 मार्च से शुरू हुआ था। जिसे 27 मार्च तक चलना था। इसमें देश भर से 1500 ब्राह्मण बुलाए गए थे। इनके ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था यज्ञ के आयोजकों ने की। इसमें BJP के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, राम विलास शर्मा, सीएम नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल समेत BJP के नेता शिरकत कर चुके हैं।
  • तीन बार हुआ यज्ञ का आयोजन, तीनों बार विघ्न पड़ा आयोजकों की ओर से इस यज्ञ का आयोजन तीसरी बार कराया जा रहा है। वर्ष 2021 में जब पहली बार यह यज्ञ कराया गया था तो पंडाल में आग लग गई थी। इसके कारण यज्ञ पूरा नहीं हो पाया था। दूसरी बार 2023 में जब यज्ञ हुआ तो बरसात के कारण यज्ञस्थल पर पानी भर गया। इसके कारण भी यज्ञ में विघ्न पड़ गया। अब तीसरी बार यज्ञ हुआ तो फायरिंग होने से विघ्न पड़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *