गढ़ाकोटा के प्राचीन पूर्वमुखी हनुमान मंदिर में हवन-पूजन एवं भंडारा
गढ़ाकोटा | राधेलाल साहू
जिला सागर जिला की रहली विधानसभा के अंतर्गत नगर गढ़ाकोटा के साबूलाल वार्ड में सुनार नदी के किनारे स्थित पावन एवं प्राचीन पूर्वमुखी हनुमान मंदिर में हवन-पूजन एवं भंडारे का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त शिक्षक श्री खेमचंद साहू जी ने बताया कि यह मंदिर अत्यंत प्राचीन और विशाल है, जिसके संबंध में अनेक प्रसिद्ध कथाएं प्रचलित हैं। लगभग 11–12 वर्ष पूर्व यह मंदिर जर्जर अवस्था में था। आसपास के लोगों की पहल और प्रभु की कृपा से सभी के सहयोग द्वारा मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया। तभी से यहां प्रतिवर्ष हवन-पूजन, भंडारा एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
श्री खेमचंद साहू जी, जो सेवानिवृत्ति से पूर्व शिक्षक रहे हैं, पिछले कई वर्षों से बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग संस्था भी संचालित कर रहे हैं। इस संस्था में नवोदय, ज्ञानोदय, श्रमोदय, सैनिक स्कूल एवं अन्य उच्च विद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है, जिसमें प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सफलता प्राप्त कर रहे हैं। लगभग 30 वर्षों से चल रही इस पहल से पढ़े अनेक विद्यार्थी आज उच्च सरकारी पदों पर कार्यरत हैं और समाज में प्रतिष्ठा प्राप्त कर रहे हैं।
आज आयोजित हवन-पूजन एवं भंडारे में ऐसे कई पूर्व विद्यार्थी अपने माता-पिता सहित उपस्थित हुए। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

