google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Dailynews

जैकेट की जेब में कोबरा लेकर डॉक्टर के पास पहुंचा, बोला- इसी ने काटा है, बचा लीजिए

मथुरा में एक शख्स को कोबरा सांप ने काट लिया। उसने तुरंत सांप को अपने जैकेट से पकड़ा और जेब में भरकर जिला अस्पताल पहुंच गया। सीधे इमरजेंसी वार्ड में जाकर जैकेट से कोबरा निकाला और डॉक्टर के सामने अपने हाथ में सांप पकड़कर खड़ा हो गया। बोला- डॉक्टर साहब, इलाज कर दो, इसी ने काटा है।

सांप को हाथ में पकड़कर दीपक डॉक्टर से अपना इलाज करने की गुहार लगाता रहा। लेकिन, सांप की वजह से कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। दीपक लगातार चिल्लाता रहा। वार्ड में सांप देखकर मरीज, तीमारदार और स्टाफ भी घबरा गए। अफरा-तफरी मच गई।

डॉक्टरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दीपक को शांत कराया और सांप को एक डिब्बे में बंद करवाया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई। डॉक्टरों के मुताबिक, दीपक का इलाज जारी है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, ई-रिक्शा चालक दीपक राजपूत वृंदावन में अपनी ई-रिक्शा की बैटरी लेने गए थे। लौटते समय रास्ते में अचानक एक सांप उनके ई-रिक्शा पर चढ़ गया और उनके हाथ की उंगली में काट लिया। सांप के काटते ही दीपक ने तुरंत उसे पकड़ लिया। उन्होंने सांप को अपनी जैकेट के अंदर रखकर सीधे मथुरा जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी वार्ड में दीपक ने डॉक्टरों को बताया कि उन्हें सांप ने काटा है। सांप उनके पास है। यह कहते हुए उन्होंने जैकेट के अंदर से सांप निकाल लिया। यह देखकर वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में किए। इसके बाद दीपक का इलाज शुरू किया।

  1. मथुरा बाईपास निवासी दीपक ने बताया कि मैं वृंदावन ई-रिक्शा से बैटरी लेने जा रहा था। मथुरा-वृंदावन के बीच पीएमबी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास सांप ने काट लिया। मैं सांप को साथ लेकर जिला अस्पताल पहुंच गया।
  2. पूछा गया कि सांप को अस्पताल लाने की क्या जरूरत थी तो कहा कि फिर इलाज कैसे होता? पानी वाले ने काटा है या जंगल वाले ने, कैसे पता चलता? डॉक्टरों ने सांप को छोड़कर आने को कहा। तब मैंने सवाल किया कि सांप को कहां छोड़ूं- अस्पताल में या जंगल में। सांप एक कोबरा था। उसे यूं ही छोड़ना खतरनाक हो सकता था।
  3. दीपक ने यह भी बताया कि सांप काटने के बाद एक दरोगा मिले। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा छोड़कर सीधे डॉक्टर के पास भागो। मैं ई-रिक्शा सड़क पर छोड़कर भाग आया। शायद वहां जाम के हालात भी बने हों, लेकिन मैं बहुत घबराया हुआ था।
  4. दीपक ने पुलिस को यह भी बताया कि बचपन कई बार सांप ने काटा है। कोई दिक्कत नहीं होती है। सांप, बिच्छू का जहर भी नहीं चढ़ता। फिर भी जान का डर तो सभी को होता है।

डॉक्टर बोले- युवक की हालत स्थिर है ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सुशील कुमार ने बताया- सबसे पहले दीपक से सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर रखने के लिए कहा गया। इसके बाद उनका इलाज शुरू किया गया। फिलहाल ई-रिक्शा चालक की हालत स्थिर है और उसका उपचार जारी है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *