Latest

यूपी में भीषण कोहरा, 14 गाड़ियां टकराईं, बरेली में एक के बाद एक 12 वाहन भिड़े, अलीगढ़ में बस-ट्रक में टक्कर, 5 मौत

यूपी में कोहरे के चलते दो हादसों में 14 वाहन आपस में टकरा गए। अलीगढ़ में चलते ट्रक को डबल डेकर बस ने टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, 15 यात्री घायल हो गए। वहीं, बरेली में 12 वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे में 14 लोग घायल हो गए।

इधर, हापुड़ प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां का AQI 342 दर्ज किया गया। मेरठ में ठंड ने 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रात का तापमान 10.1 डिग्री पर आ गया। इससे पहले, नवंबर 2013 में न्यूनतम तापमान 12.4°C दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है- अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ेगी।

अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात 1 बजे हादसा हुआ। बस दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी। आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बस-ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंडक्टर साइड में बस पूरी क्षतिग्रस्त हो गई। आगे सीट पर बैठी सवारियां कांच तोड़ते हुए बाहर आ गईं।

बस कंडक्टर आकाश यादव ने बताया कि वह आजमगढ़ का रहने वाला है। आज उसका पहला दिन था। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से बुधवार रात 9.30 बजे निकली थी। बस को श्यामू चला रहा था। ड्राइवर कहां का रहने वाला है, ये पता नहीं। बस प्रतापगढ़ जिले के सोनू सिंह की है।

कोहरे के चलते बरेली में गुरुवार सुबह 8 बजे एक के बाद एक 12 वाहन टकरा गए। हादसे 14 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। इसके बाद रास्ते को खुलवाने में जुट गई।

सबसे पहले कार को एक वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहे वाहन आपस में टकराते चले गए। घटना भोजीपुरा के जादोपुर के पास हुई।

अयोध्या में घना कोहरा छाया है। विजिबिलिटी करीब 200 मीटर रही। वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। अब चौक चौराहों पर अलाव जलने लगे हैं।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *