बदायूं में हिट एंड रन, बोलेरो ने 5 को रौंदा
बदायूं में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां बेकाबू तेज रफ्तार बोलेरो ने 5 युवकों को रौंद दिया। इसमें से 3 की मौत हो गई।
पहले उसने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारी, फिर भागने के चक्कर में एक और युवक को कुचल दिया। इसमें से दो की मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। करीब 20 मिनट बाद 18 किलोमीटर दूर एक और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त बोलेरो की स्पीड 120 के आसपास थी।
घटना के बाद आरोपी ने पीछे मुड़कर भी नहीं देखा। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। सीओ डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की तलाश की जा रही है। वाहन की पहचान कर जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमॉर्टम हाउस में एक युवक रोते-रोते बेसुध हो गया, जिसे घरवालों ने संभाला।
रविवार शाम करीब 5 बजे बहेड़ी मोड़ के पास हुआ। बरेली के करतौली गांव निवासी 25 साल के मुकेश और उनके बहनोई मदनलाल (50) दबिहारी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। दोनों को गंभीर चोट गाई। मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मदनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी ने भागने के दौरान सड़क से गुजर रहे लऊआ गांव के 20 साल के विशाल सिंह को भी रौंद दिया। उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने मदनलाल को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बदायूं से बिल्सी की ओर भाग रहा था। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने बिल्सी थाने को अलर्ट किया, लेकिन कार चालक ने रास्ता बदल लिया।
रोशननगर मोड़ पर हुआ। यहां बरामय खेड़ा निवासी बदलू (55) अपने साथी शान मोहम्मद के साथ खेत से लौट रहे थे। वे बाइक से घर जा रहे थे, तभी उसी बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बदलू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ चल रहे शान मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक एक बार फिर मौके से फरार हो गया।

