बुलंदशहर में पति-पत्नी ने खुद को लगाई आग, मौत
बुलंदशहर में घरेलू विवाद को लेकर पति-पत्नी ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। आग से झुलसे दोनों को लोगों को ग्रामीणों ने अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने पति-पत्नी को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे रात की है। डिबाई थाना क्षेत्र के रहमापुर गांव में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर पत्नी रूबी (30) ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। उसे बचाने की कोशिश में पति रिंकू (35) भी गंभीर रूप से झुलस गए। आग लगने के बाद घर में शोर मचने पर आसपास के लोग बचाने को दौड़े। आग में बुरी तरह झुलसे पति पत्नी को डिबाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की गुरुवार सुबह 11 बजे मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजनों को शव सौंपा। शाम को शवों को अंतिम संस्कार के लिए कर्णवास गंगा घाट ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
रिंकू और रूबी ने लगभग 15 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के रिश्ते काफी अच्छे चल रहे थे। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। मृतक की मां उम्र लगभग 65 साल है। उनके पैर में फैक्चर है। घर में एक बड़ा भाई (50) है। जो दिव्यांग है। उनका विवाह नहीं हुआ है। रिंकू हरियाणा में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। वह तीन दिन पहले अपनी मां से मिलने आया था।
कोतवाली प्रभारी विशाल प्रताप सिंह चौहान ने बताया- प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

