Dailynews

सुल्तानपुर में इंस्पेक्टर के सीने में गोली लगी, हालत गंभीर

सुल्तानपुर के अखंड नगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी (50) को रविवार शाम 6 बजे सरकारी आवास में गोली लग गई। गोली उनके सीने को चीरने को कंधे में फंस गई। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ PGI में लाया गया। जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। आज यानी सोमवार को उनकी सर्जरी की जाएगी।

इंस्पेक्टर (क्राइम) अरुण द्विवेदी थाना परिसर में ही सरकारी क्वार्टर में रहते थे। एसपी चारू निगम ने बताया कि यह एक हादसा है। वो अपने कमरे में सामान रख रहे थे, तभी ये घटना हुई। खुद ही अपने घाव को हाथ से दबाकर बाहर आए। थाने के सिपाही और दरोगा से मदद मांगी। दरोगा कन्हैया पांडेय तुरंत उन्हें लेकर निजी गाड़ी से लखनऊ पीजीआई रवाना हो गए।

एसपी ने घटना की सूचना मिलने पर कादीपुर के सीओ विनय गौतम को मौके पर भेजा। सीओ ने बताया कि केस क्रिटिकल था। स्थानीय स्तर पर हाई लेवल हॉस्पिटल नहीं है। इसलिए तत्काल बेहतर इलाज के लिए सीधे लखनऊ ले जाया गया।

एसपी ने बताया- गोली इंस्पेक्टर के सीने के पास लगी और दाहिने कंधे की हड्डी में जाकर अटक गई। उनकी हालत स्थिर है। कोई गंभीर आंतरिक चोट नहीं आई है। रिवॉल्वर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। रिवॉल्वर चैम्बर में पांच राउंड और एक खाली खोखा मिला है।

एसपी ने बताया कि घटना के समय इंस्पेक्टर अरुण अपने कमरे में अकेले थे। कमरा अंदर से बंद था। सामान रख रहे थे। उनके पास उनकी निजी 32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर थी। जिसे वो हमेशा अपने पास रखते थे। शाम को तैयार होते समय उन्होंने रिवॉल्वर को एक तौलिये पर रखा था। जब उन्होंने तौलिया खींचा, तो रिवॉल्वर नीचे गिर गई और गोली चल गई।

एसपी ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल का मुआयना किया गया तो पता चला कि फायर सरकारी गन से नहीं, बल्कि इंस्पेक्टर अरुण की 32 बोर की निजी लाइसेंसी रिवॉल्वर से हुआ था। रिवॉल्वर पूरी तरह से लोडेड थी। मौके पर एक खोखा मिला है, जबकि 5 जिंदा कारतूस रिवॉल्वर के अंदर मिले। रिवॉल्वर को जांच के लिए भेजा गया है। फर्श पर खून के छींटे भी पाए गए हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *