Iran War Highlights: ईरान में बुशेहर न्यूक्लियर साइट के पास धमाका
Iran War Live News: ईरान और अमेरिका के बीच जारी जंग अब और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है. खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका का एक और युद्धक विमान क्रैश हो गया है, जबकि उसी समय ईरान के ऊपर एक एफ-15 फाइटर जेट को मार गिराने का दावा भी किया गया है. ईरान ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी ए-10 वॉर्थॉग विमान को निशाना बनाया. डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक इस विमान का पायलट सुरक्षित बचा लिया गया है. लेकिन इससे पहले गिराए गए एफ-15 जेट के दो क्रू में से एक अभी भी लापता है.
अमेरिकी पायलट को खोज रहा ईरान
हालात को और गंभीर बनाते हुए ईरान ने लापता अमेरिकी पायलट पर इनाम तक घोषित कर दिया है. ईरानी मीडिया में विमान के मलबे और इजेक्शन सीट की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं. सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें अमेरिकी विमान ईरान के दक्षिणी इलाके में सर्च ऑपरेशन करते नजर आ रहे हैं. कुछ वीडियो में ईरानी नागरिकों को इन विमानों पर फायरिंग करते हुए भी देखा गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस घटना का बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने साफ किया कि ईरान के साथ बातचीत जारी रहेगी, हालांकि जमीन पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं.
इजरायल ने ईरान पर अपना हमला टाला
इस बीच इजरायल ने भी अपने कुछ हमले टाल दिए ताकि अमेरिकी सर्च ऑपरेशन में बाधा न आए. साथ ही इजरायल ने अमेरिका को खुफिया मदद देने की पेशकश भी की है. जंग के बीच कई और बड़े घटनाक्रम भी सामने आए हैं. ईरान की राजधानी तेहरान में एक यूनिवर्सिटी की इमारत को अमेरिका-इजरायल हमले में नुकसान पहुंचा है. वहीं अबू धाबी में गैस फैसिलिटी पर गिरे मलबे से आग लग गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. लेबनान में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं. वहां अब तक 1200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग घायल हैं. इजरायल ने वहां अपने सुरक्षा क्षेत्र को और बढ़ाने का आदेश दिया है.
UNSC में होर्मुज पर आया प्रस्ताव
इस बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने को लेकर बड़ा प्रस्ताव लाया गया है. इस प्रस्ताव में देशों को समुद्री रास्ता सुरक्षित करने के लिए सैन्य कार्रवाई तक की अनुमति देने की बात कही गई है. हालांकि चीन और रूस जैसे देशों ने इसका विरोध किया है और कहा है कि इससे हालात और बिगड़ सकते हैं. पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि यह संघर्ष अब सिर्फ हवाई हमलों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समुद्र, जमीन और अंतरराष्ट्रीय राजनीति तक फैल चुका है. एक तरफ बातचीत की कोशिशें चल रही हैं, तो दूसरी तरफ हर दिन नए हमले और टकराव हालात को और विस्फोटक बना रहे हैं

