झांसी : MBA पास भाई को न्यूड करके दफनाया
झांसी में गाली देने पर छोटे भाई ने MBA पास बड़े भाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद पकड़ा न जाए, इसलिए एक-एक सबूत मिटाने का पूरा प्लान बनाया। घर के पिछले हिस्से में 5 फीट गहरी कब्र खोदी और लाश को न्यूड कर दफना दिया।
शव दफनाने के बाद खून से सने कपड़े वॉशिंग मशीन में धोकर रख दिए। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, चाकू और फावड़ा 3 किलोमीटर दूर ले जाकर नाले में फेंक दिए। भाई का मोबाइल जंगल में ले जाकर जला दिया। बाद में जब फंसने का डर सताया तो कपड़े भी जला दिए।
इधर, मां को बताया कि बड़ा बेटा लापता है। सुनते ही वह अपने मायके से घर पहुंची। फिर छोटे बेटे (आरोपी) संग थाने गई। थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में जब सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए, तब मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सरकारी कर्मचारी भाई ने बताया- मैं उसे जगाने गया था। वह गाली देने लगा। इसके बाद चाकू उठाकर मुझे मारने दौड़ा। मुझे गुस्सा आ गया। मैंने कुल्हाड़ी उठाकर मार दी, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर गया। मैंने चाकू से उसका गला काट दिया। वह मौके पर ही मर गया।
पूरा मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा मोहल्ले का है। फिलहाल आरोपी की पत्नी और साला फरार हैं। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। झांसी रेलवे स्टेशन से 5 किमी दूर बिहारीपुरा मोहल्ला है। यहां के रहने वाले मिर्जा अकील बेग प्राइमरी स्कूल में टीचर थे। उन्होंने 2500 वर्गफीट में दो मंजिला मकान बनवाया था। 2022 में रोड एक्सीडेंट में उनकी मौत हो गई थी। उनके दो बेटे तारिक बेग और मशारिक हैं।
घरवालों के मुताबिक, पिता की मौत के बाद बड़े बेटे तारिक को अनुकंपा पर चपरासी की नौकरी मिल रही थी। तारिक (40) MBA कर चुका था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, इसलिए उसने चपरासी की नौकरी करने से मना कर दिया।
इसके बाद यह नौकरी उसके छोटे भाई मशारिक को मिल गई। मां झांसी न्यायालय में पेशकार पद से रिटायर्ड हैं। दिमागी हालत ठीक न होने के चलते वह अक्सर अपने मायके में भाइयों के पास रहती हैं। उनका मायका बिहारीपुरा से करीब 10 किलोमीटर दूर पुरानी तहसील मोहल्ले में है। मशारिक ने मोहल्ले में ही रहने वाली लड़की से 9 दिसंबर 2025 को लव मैरिज की थी।
9 फरवरी को घर में दोनों भाई ही मौजूद थे, जबकि मां मायके गई हुई थीं। इसी दौरान सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद छोटे भाई ने कुल्हाड़ी और चाकू से वार कर बड़े भाई की हत्या कर दी।
हत्या के अगले दिन मां ने फोन किया, लेकिन बड़े बेटे का मोबाइल स्विच ऑफ आया। उन्होंने छोटे बेटे से बात की तो उसने बताया कि भाई कहीं चले गए हैं। आरोपी ने चार दिन तक परिवार को गुमराह किया। फिर 15 फरवरी को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
इसके बाद परिजन बेटे की तलाश करते रहे, लेकिन आरोपी भाई उसे खोजने में रुचि नहीं ले रहा था। इस पर मामा को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को आरोपी के बर्ताव के बारे में बताया। 19 फरवरी को पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाकर पूछताछ की। सख्ती करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस आरोपी को लेकर घर पहुंची, जहां वह 3 घंटे तक पुलिस को गुमराह करता रहा। रात 12 बजे SSP और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। सख्ती बढ़ने पर आरोपी ने कब्र की जगह बताई। इसके बाद शव बाहर निकाला गया।

