Crime News

झांसी : ब्यूटी पार्लर में पत्नी को चाकू मारा

Share News

झांसी में सनकी पति ने ब्यूटी पार्लर में घुसकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। मुंह पर ताबड़तोड़ 4 वार किए और फिर बाइक स्टार्ट करके खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। इससे महिला गंभीर घायल हो गई। पति से अनबन होने के चलते महिला अपने मायके में रहती थी और ब्यूटी पार्लर चलाती थी।

पति बेटे को लेने आया था, नहीं देने पर हुए विवाद में उसने चाकू से हमला कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल महिला को मेडिकल कॉलेज में एडमिट करवाया गया है। पूरा मामला रक्सा थाना क्षेत्र के पुनावली कला गांव का है।

पुनावली कला निवासी वंदना (23) की शादी 5 साल पहले इंदरगढ़ के रमदेवा गांव निवासी रविंद्र पाल से हुई थी। उनका दो साल का एक बेटा है। वंदना के पिता रामकिशन पाल ने बताया कि मेरा दामाद रविंद्र पाल शराब पीता है। वह आए दिन बेटी के साथ मारपीट करता था। बेटी ने जब मारपीट के बारे में बताया तो दामाद को समझाया भी, लेकिन वो नहीं माना। वह बेटी को खर्चा भी नहीं देता था। ऐसे में बेटी को इंदरगढ़ कस्बे में ब्यूटी पार्लर खुलवाया था।

मायके आकर खोला था ब्यूटी पार्लर

पिता ने आगे बताया कि इंदरगढ़ में बेटी ब्यूटी चलाने लगी। लेकिन दामाद हरकतों में सुधार नहीं आया। लड़ाई-झगड़ा शांत नहीं हुआ। एक माह पहले मैं बेटी और नाती को अपने साथ घर ले आया। यहां बेटी ने गांव में ही रक्सा रोड पर बबलू वर्मा के मकान में ब्यूटी पार्लर की दुकान खोल ली।

गुरुवार को वह अपनी बहन पूजा पाल के साथ दुकान पर बैठी थी। पूजा पाल ने बताया कि शाम के समय जीजा रविंद्र पाल दुकान पर आए। उनके साथ एक युवक भी था, जो मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे। आते ही बहन से झगड़ा करने लगे। वे बेटे को ले जाने की जिद करने लगे तो बहन वंदना ने बेटे को देने से मना कर दिया। तभी जीजा ने चाकू निकाला और वहन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

पूजा ने आगे बताया कि जीजा ने बहन पर हमला किया। चाकू ने मुंह और गर्दन पर तीन से चार वार किए। इससे बहन वंदना लहूलुहान हो गई और बचाने के लिए जोर-जोर से गुहार लगाने लगी। लेकिन जीजा बाल पकड़कर उन्हें चाकू मार रहा था। तब मैं डर गई और बच्चे को लेकर पड़ोसी के घर में जाकर छुप गई। थोड़ी देर बाद काफी लोग एकत्र हो गए। जीजा का साथ दुकान के बाहर गाड़ी स्टार्ट करके खड़ा था।

लोगों को आते देख जीजा साथी के साथ भाग गया। सूचना मिलने पर रक्सा पुलिस मौके पर पहुंच गई। रक्सा एसओ परमिंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी पति और एक अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *