झांसी : महिला ने 2 घंटे तक युवक को चप्पल से पीटा, मुंह पर कालिख पोतकर गांव में घुमाया
झांसी, महिला ने युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर 2 घंटे तक चप्पलों से पीटा। मुर्गा बनाकर जमकर मारपीट की, मुंह पर कालिख पोतकर गांव में घुमाया। इस दौरान रास्तेभर लोग बारी-बारी से युवक को पीटते रहे। युवक का पिता आरोपियों के पैरों पर गिरकर गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन आरोपी नहीं माने। घटना का वीडियो सामने आया है। मामला गुरुवार का है।
मामला पूंछ थाना क्षेत्र के महाराजगंज ढेरी गांव का है। दरअसल, गांव की एक महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने मंदिर जाते समय उससे छेड़छाड़ की थी। इसके बाद गांव के कुछ लोगों ने बुलाया और खुद ही सजा दे दी। पुलिस ने युवक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक- पीड़ित युवक विपिन सविता गुरुवार को बाजार जा रहा था। तभी गांव के रविंद्र सोनी, संतोष सोनी आदि लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया। दबंगो ने विपिन पर महिला से छेड़खानी का झूठा आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। उसे मुर्गा बनाया। महिला ने भी चप्पल से युवक की पिटाई की। चेहरे पर कालिख पोत कर गांव में घुमाया। वीडियो में दिख रहा है कि महिला युवक के चेहरे पर कालिख पोत रही है। उसे गालियां दे रही है। बगल में खड़े लोग महिला को उकसा रहे हैं। इसके बाद महिला चप्पल से युवक को पीटने लगती है। वहीं युवक का पिता आरोपियों के पैरों में गिरकर माफी मांगता रहा और बेटे को छोड़ने की मिन्नतें कीं। मगर आरोपियों ने पिता की एक न सुनी।
पीड़ित के पिता महेश सविता ने पूंछ थाने में तहरीर दी। जिसमें बताया कि यह पूरी साजिश उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और सामाजिक रूप से अपमानित करने के मकसद से रची गई थी। मोंठ सीओ देवेंद्र नाथ मिश्र ने बताया, सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है।