कानपुर : PSIT कॉलेज में ACP ने छात्रों को दौड़ाकर पीटा:लाठीचार्ज में कई छात्र घायल
कानपुर, पनकी स्थित PSIT इंजीनियरिंग कॉलेज में बुधवार सुबह 10 बजे छात्रों ने हंगामा शुरू किया। करीब 3 हजार छात्रों ने कॉलेज में घुसकर तोड़फोड़ की। दरवाजे, खिड़की, टेबल तोड़ दी। मौके पर सचेंडी, पनकी, अरमापुर, कल्याणपुर सहित 7-8 थानों की फोर्स, PAC पहुंची।
दोपहर 1 बजे बवाल बढ़ गया। पुलिस और छात्रों में झड़प हो गई। पुलिस ने छात्रों को हटाने के लिए दौड़ा-दौड़ाकर लाठियां मारी। कई छात्र गिरकर घायल हो गए। बवाल के बाद छात्रों की सारी मांगे मान ली गई हैं।
टाइमिंग को लेकर छात्रों को आश्वाशन दिया गया है। जल्द ही इसे भी बदला जाएगा। फिलहाल बवाल को देखते हुए कॉलेज को 8 तारीख तक बंदकर दिया गया है। कॉलेज में पीएसी अभी तैनात है और सभी छात्र चले गए हैं।
दरअसल, सोमवार को कैंपस में निर्माण काम में लगी जेसीबी से टकरा कर BCA फाइनल ईयर के छात्र की मौत हो गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र की किडनी, लंग्स, पैनक्रियाज डैमेज हो गया था। इसी के विरोध में छात्र न्याय की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज कैंपस में चल रहे निर्माण काम के दौरान सुरक्षा इंतजाम न होने से यह हादसा हुआ। वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने घटना को कैंपस के बाहर का मामला बताया। मृतक की पहचान प्रखर सिंह निवासी रतनलाल नगर के रूप में हुई।
DCP वेस्ट एसएम कासिम आब्दी, DCP वेस्ट कपिलदेव, ACP कल्याणपुर आशुतोष कुमार, ACP अमरनाथ यादव भी छात्रों को समझाया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और 10 एंबुलेंस भी ऐहतियातन लगाई गईं।

