स्वामी प्रसाद पर करणी सेना का हमला, थप्पड़ मारा- बोला- ब्राह्मणों को गाली देते हैं
रायबरेली में स्वामी प्रसाद मौर्य पर करणी सेना के एक कार्यकर्ता ने हमला कर दिया। रोहित द्विवेदी नाम के युवक ने पहले स्वामी प्रसाद को माला पहनाई, फिर सिर पर पीछे से हाथ मारकर भागने लगा। स्वामी प्रसाद अचानक चीखे, तो कार्यकर्ता अलर्ट हो गए।
उन्होंने मौके से भाग रहे युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। उसे गिराकर बुरी तरह पीटा। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने बमुश्किल भीड़ से उसे बचाया। स्वामी प्रसाद के समर्थकों ने युवक को इतना पीटा कि वह खून से लथपथ हो गया। हमले की वजह पूछने पर उसने कहा- मैं करणी सेना से जुड़ा हूं। स्वामी प्रसाद ने ब्राह्मण जाति को कई बार गाली दी। सनातन धर्म के खिलाफ बोलते हैं। भगवान राम के खिलाफ बोलते हैं, इसलिए हमला किया।
स्वामी प्रसाद फतेहपुर जा रहे थे। रास्ते में रायबरेली में रुके थे। तभी उन पर हमला हुआ। घटना मिल एरिया थाना क्षेत्र के सारस चौराहे की है। वहीं, हमले के बाद स्वामी प्रसाद ने कहा-
करणी सेना के नाम पर कुछ कीड़े-मकोड़े योगी सरकार की कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे। सरकार गूंगी-बहरी और अंधी बनकर तमाशा देख रही। ये हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ, जो दिखाता है कि गुंडे-माफिया कितने बेखौफ होकर घूम रहे।
CO सिटी अमित सिंह ने बताया- स्वामी प्रसाद फतेहपुर जा रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे यहां सारस चौराहे पर कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर उनका काफिला रुक गया। कार्यकर्ता उनको माला पहना रहे थे, तभी एक लड़का पीछे से आया।
माला पहनाने के बाद पीछे से उनके सिर पर हाथ मारकर भागने लगा। कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया और पीट दिया। साथ में एक और लड़के को भी पीटा गया है। पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों लड़कों को बचाया। हमले के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का काफिला फतेहपुर रवाना हो गया।
आरोपियों की पहचान रोहित द्विवेदी पुत्र अमरेश कुमार निवासी कौरापुर गौरा रामगंज थाना डीह और शिवम यादव पुत्र कृष्ण कुमार निवासी गांव आटी थाना डीह के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।