खुर्जा : कांजी के बड़े बेचने वाले युवक ने लौटाया लाखों नकद व जूलरी से भरा बैग
खुर्जा तहसील क्षेत्र में कांजी के बड़े बेचने वाले एक युवक ने ईमानदारी का परिचय दिया है। उसने बेटी की शादी से लौट रहे एक परिवार का लाखों रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग सकुशल लौटा दिया।
यह घटना खुर्जा-पहासू रोड पर आगौरा गांव के पास एक सीएनजी पंप के निकट हुई। गाजियाबाद निवासी मुकेश गुप्ता गुरुवार को अलीगढ़ से वापस लौट रहे थे। इस दौरान खुर्जा-पहासू मार्ग स्थित अगोरा गांव के समीप अदानी गैस पंप पर उन्होंने अपनी गाड़ी में गैस भरवाई।
गैस भरवाने के बाद परिवार ने वहीं मोपेड पर कांजी के बड़े बेचने वाले यश उर्फ कालू से बड़े खाए। बड़े खाने के बाद मुकेश गुप्ता अपना कीमती बैग वहीं भूल गए और गाजियाबाद के लिए निकल गए। गाजियाबाद पहुंचने पर उन्हें अपने बैग की याद आई।
उन्होंने अपने मोबाइल नंबर पर किसी दूसरे नंबर से कॉल किया, जिसे यश उर्फ कालू ने रिसीव किया। यश ने बताया कि बैग उसके पास सुरक्षित है। सूचना मिलते ही मुकेश गुप्ता आनन-फानन में वापस खुर्जा लौटे और यश से अपना बैग प्राप्त किया।

