खुर्जा : एनएच-34 पर साइकिलों से लदा केंटर पलटा
खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के अगवाल फ्लाईओवर पर साइकिलों से लदा एक केंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सुबह करीब 5 बजे हुए इस हादसे के संबंध में केंटर चालक चंदन कुमार गुप्ता ने बताया कि वह गाजियाबाद के लोनी से साइकिलें लादकर कन्नौज जा रहे थे। अगवाल फ्लाईओवर पर पहुंचते ही पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने उन्हें तेजी से ओवरटेक करने की कोशिश की।
कार को बचाने के प्रयास में चालक ने केंटर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वह सड़क के बीचो-बीच पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात बाधित हुआ।
सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से पलटे हुए केंटर को सीधा कराया और उसे सड़क किनारे हटवाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद यातायात को फिर से सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया।
हादसे के वक्त गाड़ी में केवल चालक चंदन कुमार गुप्ता ही सवार थे। दिल्ली निवासी चंदन कुमार गुप्ता को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है।
चंदन कुमार गुप्ता ने बताया, ‘कार वाले को बचाने के चक्कर में गाड़ी जरा सी मोड़ी और वह पलट गई। सौभाग्य से कोई गंभीर चोट नहीं आई।’

