खुर्जा : ‘ममता नर्सिंग होम’ का संचालक सुकुमार यादव निकला जालसाज, FIR
खुर्जा तहसील क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े चिकित्सा फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। शिकारपुर रोड स्थित ‘ममता नर्सिंग होम’ का संचालक सुकुमार यादव एमबीबीएस और एमएस की फर्जी डिग्रियां लगाकर मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहा था। आरोपी के खिलाफ खुर्जा नगर कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जांच में सामने आया कि सुकुमार यादव खुद को विशेषज्ञ सर्जन बताकर मरीजों के ऑपरेशन भी कर रहा था। उसने कूटरचित दस्तावेजों के सहारे स्वास्थ्य विभाग को गुमराह कर नर्सिंग होम का पंजीकरण संख्या (RMEE2447917) भी हासिल कर ली थी। फिलहाल, आरोपी ‘डॉक्टर’ फरार है।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी सुकुमार यादव की डिग्रियों की सत्यता पर सवाल उठे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय द्वारा कराई गई जांच में पुष्टि हुई कि आरोपी ने जिन डिग्रियों के आधार पर नर्सिंग होम का पंजीकरण कराया था, वे पूरी तरह फर्जी हैं। उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल (UPMC) ने भी स्पष्ट किया कि इन डिग्रियों का उनके रिकॉर्ड में कोई सत्यापन नहीं है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि फर्जीवाड़ा पुष्ट होने के बाद ममता नर्सिंग होम का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “ममता नर्सिंग होम को जल्द ही सील करने की कार्रवाई की जाएगी। जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
खुर्जा पुलिस के अनुसार, मोहम्मद साजिद की शिकायत और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी सुकुमार यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

