खुर्जा : विधायक मीनाक्षी सिंह के प्रस्ताव पर 6.30 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़कों की सौगात
खुर्जा विधानसभा क्षेत्र को 6.30 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़कों की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय विधायक मीनाक्षी सिंह के प्रस्ताव पर इन विकास कार्यों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और ग्रामीणों, किसानों व विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़े इन मार्गों के नवनिर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है।
जिन प्रमुख मार्गों का कायाकल्प किया जाएगा उनमें खुर्जा-पहासू मार्ग से करौरा संपर्क मार्ग (लागत ₹86.31 लाख, लंबाई 1.010 किमी), ग्राम ईशनपुर से रोहिंदा संपर्क मार्ग (लागत ₹155.34 लाख, लंबाई 1.850 किमी), ग्राम नगला से हिसौती संपर्क मार्ग (लागत ₹221.42 लाख, लंबाई 3.100 किमी), अहरौली से अहरौली गौशाला मार्ग (लागत ₹118.86 लाख, लंबाई 1.630 किमी) और बगराई संपर्क मार्ग (लागत ₹47.82 लाख, लंबाई 0.680 किमी) शामिल हैं।
विधायक मीनाक्षी सिंह ने बताया कि ये मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में थे, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा, “इन सड़कों के निर्माण से न केवल ग्रामीण कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि व्यापारियों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। अन्नदाता किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुँचाने में अब आसानी होगी।”
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा हाल ही में जारी पत्रों के अनुसार, खुर्जा-पहासू-छतारी मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-63) के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए भी 108.31 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इसमें से चालू वित्तीय वर्ष के लिए 37.90 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है।
क्षेत्रीय जनता ने इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधायक मीनाक्षी सिंह का आभार व्यक्त किया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) को जल्द से जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

