खुर्जा : CM योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी, भाजपा का प्रदर्शन, प्रदर्शन, पुतला दहन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के विरुद्ध सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुर्जा में प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने जेवर रोड चौराहे पर आरोपी का पुतला दहन किया और एसडीएम प्रतीक्षा पाण्डेय को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जेवर रोड चौराहे पर एकत्रित हुए। उन्होंने आरोपी ‘मुल्ला अब्दुल्ला सलीम’ के खिलाफ नारेबाजी की और उसका पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की माताजी के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की निंदा की। प्रदर्शन के बाद, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रतीक्षा पाण्डेय को एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि आरोपी द्वारा सार्वजनिक मंच और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी अपमानजनक है और इससे समाज में वैमनस्य तथा अशांति फैलने का खतरा है। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाने चाहिए।

