खुर्जा : तीन पशुओं का मीट, पांच छुरी, एक बांका और रस्सी बरामद
खुर्जा नगर में पुलिस ने अवैध मीट परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अग्रवाल फाटक के पास से पुलिस ने दो पिकअप वाहन पकड़े। वाहनों से तीन पशुओं का मीट, पांच छुरी, एक बांका और रस्सी बरामद की गई।
कोतवाली प्रभारी राजपाल सिंह तोमर के अनुसार, आरोपियों से अधिकार पत्र मांगा गया। लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। बरामद मीट को गड्ढा खोदकर दफनाया गया।
पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें इस्लामाबाद निवासी रहीश, पीरजादगान निवासी रिहान, मुगलपुरा निवासी फैजान, और बुलंदशहर निवासी इरशाद और आदिल शामिल हैं। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मीट माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से मीट माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।