News

खुर्जा : शीतला माता मंदिर में बिना अनुमति अंबेडकर प्रतिमा स्थापित होने पर आक्रोश

खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम किला मेवई में तनाव व्याप्त हो गया है। यहां लगभग 500 वर्ष पुराने शीतला माता मंदिर परिसर में रातों-रात बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों और मंदिर कमेटी में भारी आक्रोश है।

यह प्रतिमा बिना शासन और प्रशासन की अनुमति के स्थापित की गई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस पिकेट भी लगाई गई है।

मंदिर के 78 वर्षीय पुजारी नरेश पाल सिंह ने आरोप लगाया है कि कुछ दबंगों ने मंदिर की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से यह प्रतिमा लगाई है। उन्होंने बताया, “रात के अंधेरे में बिना किसी अनुमति के मंदिर की जमीन पर कब्जा करने के लिए यह प्रतिमा लगाई गई है। हमने विरोध किया तो हमें धमकाया गया।” पुजारी नरेश पाल सिंह ने यह भी बताया कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मंदिर निर्माण के लिए आई लगभग 20,000 ईंटों का उपयोग कर मंदिर परिसर में जबरन रास्ता बनाने की कोशिश की गई थी। मंदिर कमेटी के सदस्य मनीष पुजारी ने कहा, “यह पूरी तरह अवैध है और गांव की शांति भंग करने की कोशिश है। प्रशासन को इस पर सख्त एक्शन लेना चाहिए।”

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात, एसडीएम और क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। अधिकारियों ने कहा है कि नियमों के विरुद्ध किए गए किसी भी कार्य पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *