खुर्जा : अवैध गैस गोदाम पर छापेमारी, कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले
खुर्जा तहसील क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक ने अवैध गैस सिलेंडरों के एक गोदाम पर छापेमारी की है। इस दौरान मौके से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं, जिनके भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
खुर्जा एसडीएम के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक प्रीति सिंह ने पुलिस बल के साथ वाजिदपुर गांव स्थित एक गैस गोदाम पर यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान 47.5 किलोग्राम के कुल 79 सिलेंडर मिले, जिनमें से 47 खाली और 32 भरे हुए थे। इसके अतिरिक्त 19 किलोग्राम के कुछ सिलेंडर भी मौके से बरामद हुए।
पूर्ति निरीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि बरामद सभी सिलेंडरों को अग्रिम आदेश तक मेरॉयल गैस एजेंसी के प्रतिनिधि सरताज सिंह को सुपुर्द कर दिया गया है। गोदाम संचालक शिवम बंसल पुत्र मनोज बंसल निवासी पुराना बाजार से जब भंडारण से संबंधित कागजात मांगे गए, तो वह केवल गैस सिलेंडर के क्रय-विक्रय और एलओआई की इनवॉइस ही प्रस्तुत कर सके।
इस मामले में मां दुर्गा ऑर्गेनिक फर्म के प्रोपराइटर के खिलाफ गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के आरोप में खुर्जा कोतवाली में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह कार्रवाई अवैध कारोबार और नाजायज तरीके से कमाई के स्पष्ट संकेत मिलने के बाद की गई है।

