खुर्जा : तांत्रिक ने झाड़फूंक के बहाने महिला से किया दुष्कर्म
खुर्जा के अरनिया थाना क्षेत्र में झाड़फूंक के बहाने एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता के पति ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी को कुछ दिनों से पेट में दर्द था।
गांव के चिकित्सक से इलाज कराने पर भी आराम नहीं मिला। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने उन्हें घटाल गांव के संजू नामक व्यक्ति के बारे में बताया, जो झाड़फूंक और तंत्र क्रिया से बीमारियों का इलाज करने का दावा करता था। गुरुवार को पति-पत्नी संजू के पास घटाल गांव गए।
संजू ने महिला को एक कमरे में बुलाया और उसके पति को बाजार से काला धागा लाने के लिए भेज दिया। लगभग 30 मिनट बाद जब पति वापस लौटे, तो उनकी पत्नी रो रही थी और संजू को ‘गलत इंसान’ बता रही थी। उस समय पति कुछ समझ नहीं पाए।
शुक्रवार को जब वे दोबारा दवा लेने संजू के पास गए, तो आरोपी ने फिर से महिला को कमरे में बुलाया और पति को धागा लाने भेज दिया। जब पति धागा लेकर वापस आए, तो उन्होंने देखा कि संजू कमरे में उनकी पत्नी से दुष्कर्म कर रहा था। पीड़िता के मुंह में कपड़ा दबा हुआ था और वह रो रही थी।
पति ने तुरंत शोर मचाया और आरोपी संजू को पकड़ लिया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी संजू को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी रितेश कुमार ने बताया कि आरोपी तांत्रिक को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

