खुर्जा : ट्यूशन से लौट रही किशोरी से छेड़छाड़
बुलंदशहर के खुर्जा में ट्यूशन से लौट रही 13 वर्षीय किशोरी से दो युवकों ने छेड़छाड़ की। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खुर्जा तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने मंगलवार को खुर्जा कोतवाली पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसका पीछा करते हुए आए और उसके साथ छेड़छाड़ की।
किशोरी ने अपनी मां को बुला लिया, जिसके बाद आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की। सूचना मिलने पर किशोरी के पिता भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

