Dailynews

दिल्ली में किसान महापंचायत : राकेश टिकैत के बेटे को रोका तो हाईवे पर हुक्का चौपाल लगाई; डासना में ट्रेन रोकने पर हंगामा

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज किसानों की महापंचायत है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने महापंचायत बुलाई है। यूपी, हरियाणा और पंजाब से किसान रामलीला मैदान पहुंचना शुरू हो गए हैं। कई बड़े नेता और किसान कल रात ही पहुंच गए।

इस बीच नोएडा-गाजियाबाद में धारा 144 लगा दी गई है। गाजीपुर बॉर्डर पर 3 कंपनी PAC तैनात की गई। मेरठ में किसानों को नजरबंद किया गया है। डासना में आधी रात ट्रेन को रोका गया। इसके विरोध में किसानों ने ट्रैक जाम करने की कोशिश की। बाद में ट्रेन को दिल्ली रवाना किया गया।

कन्नौज में ​​भाकियू जिला अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) कुसुम चौहान को दिल्ली जाते समय नजरबंद किया गया है। काशी टोल प्लाजा पर राकेश टिकैत के बेटे गौरव को रोका गया। उनके साथ किसान भी थे। इन सभी ने हाईवे किनारे ही हुक्का लगाकर चौपाल शुरू कर दी।

भारतीय किसान संगठन एकता के बैनर तले किसान दिल्ली महापंचायत शामिल होने जा रहे थे। उन्हें गौतमबुद्धनगर की पुलिस ने रोका। यह कार्यकर्ता अपने निजी गाड़ियों से दिल्ली जा रहे थे। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर रोके जाने के बाद किसान और पुलिस वालों के बीच बहस भी हुई।

किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर काशी टोल के पास ही रनसिंघा बजाकर वहीं पंचायत का ऐलान कर दिया और डेरा डाल लिया।

किसान नेता राकेश टिकैत के बेटे गौरव टिकैत को पुलिस ने दिल्ली जाते वक्त काशी टोल प्लाजा पर रोक लिया है। किसानों ने टोल प्लाजा के पास ही अपनी दरिया बिछा ली और चौपाल लगा ली है, वहीं हुक्का शुरू हो गया।

गौरव टिकैत ने कहा,”पीएम मोदी ने जो वादे किए थे] उसे अब पूरा किया जाए। चुनावी मौसम में रेवड़ियां बंटती हैं, तो किसान को भी आस है कि पीएम मोदी अपने वादे को पूरा करेंगे। देशभर का किसान संगठित है, एकजुट है। सरकार ने ये प्रयास किया कि संयुक्त किसान मोर्चे में दरार पड़ जाए। मगर सब किसान एकजुट हैं। आज किसानों और गाड़ियों की गिनती नहीं है। आज देशभर के किसान महापंचायत में भाग ले रहे हैं।”

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *