लखनऊ : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पुतला फूंका-जूते मारे
लखनऊ में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी फोटो को जूते मारे और पैरों से कुचला। राय ने भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर अभद्र टिप्पणी की थी।
भाजपा नेता शिव शंकर सिंह शंकरी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता कानपुर रोड स्थित शहीद पथ तिराहे पर जमा हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने अजय राय का पुतला फूंका। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अजय राय की टिप्पणी को निराधार, आपत्तिजनक और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अजय राय ने अपने बयान में विधायक पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में रहते हुए देश और प्रदेश को लूटने जैसे गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, इन आरोपों के लिए कोई ठोस प्रमाण नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि ऐसे बयान न केवल एक जनप्रतिनिधि की छवि को धूमिल करने का प्रयास हैं, बल्कि ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं और प्रशासनिक सेवाओं का भी अपमान है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी और कानून के दायरे में रहकर कार्य किया है।
इस प्रदर्शन के कारण कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात बाधित हुआ। पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारी दूसरी पटरी पर चले गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
बाद में एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद करीब एक बजे यातायात पूरी तरह सुचारु हो सका। इस दौरान शिव शंकर सिंह शंकरी की ओर से सरोजनी नगर थाने में अजय राय के खिलाफ तहरीर भी दी गई।
तहरीर में विधायक के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। बीते रविवार को सरोजनी नगर में कांग्रेस के संविधान संवाद महापंचायत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर ईडी में रहकर देश व प्रदेश लूटने का आरोप लगाया था। इसी टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया और भाजपाइयों ने अजय राय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

