लखनऊ : टोल प्लाजा पर फास्ट टैग कर्मी पर ईंट से हमला
लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र स्थित मानपुर टोल प्लाजा पर फास्ट टैग लगाने वाले कर्मचारी पर रंजिश के चलते हमला हुआ। गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे की घटना में पीड़ित राधा रमण गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के समय राधा रमण टोल प्लाजा पर फास्ट टैग लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान बगहा गांव निवासी अनुराग सिंह दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। अनुराग भी फास्ट टैग लगाने का काम करता है। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले राधा रमण से गाली-गलौज की।
विरोध करने पर अनुराग ने नुकीली ईंट से राधा रमण के सिर पर वार कर दिया। हमले में वह लहूलुहान हो गए। भीड़ जमा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने 112 पर सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर इटौंजा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।