लखनऊ : STF ने 1 करोड़ के गांजे के साथ दबोचा तस्कर
लखनऊ STF ओर निगोहां पुलिस ने 1 करोड़ के गांजे के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। वह उड़ीसा से DCM में गांजा की खेप लेकर आया था। उसे लखनऊ और रायबरेली में खपाना था। उसके पास से 775 किलो गांजा, DCM, 2 मोबाइल और 210 रुपए बरामद हुए हैं।
संयुक्त टीम ने तस्कर को बुधवार देर रात निगोहां थाना क्षेत्र के नगराम मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान मुरादपुर, थाना बिंदकी, जिला फतेहपुर निवासी कौशल कुमार (22) के रूप में हुई। उसे उड़ीसा से गांजा लाने के 50 हजार रुपए मिलते थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बोरियों में गांजा छिपाकर लाया था। उसके पास से 31 बोरियां मिलीं। उनमें पैकेट बनाकर 775 किलो गांजा मिला। पूछताछ में उसने बताया कि DCM समरजीत उर्फ सोनू गुप्ता की है।
उसने ही उड़ीसा में गांजा की खेप लोड कराई थी। गांजा की खेप लखनऊ पहुंचाने के लिए 50 हजार रुपए दिए थे। आरोपी ने बताया कि यह गांजा नगराम के मयंक गुप्ता, रायबरेली के रविंद्र जायसवाल और हुसैनगंज के सैय्यद दावर अलवी को देना था।
अन्य आरोपियों की तलाश शुरू
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। यह गांजा तस्करी का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क है। इसकी जड़ तक जाने की कोशिश की जा रही है। आरोपी ने जिन चार लोगों के नाम बताए हैं। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उनकी तलाश भी की जा रही है।

