लखनऊ : मूसलाधार बारिश, नगर निगम दफ्तर में भरा पानी
लखनऊ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। दिन में अंधेरा छा गया है। जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया है। कई इलाकों में दुकानों-घरों में पानी भर गया है। बारिश से बचने के लिए दोपहिया वाहन चालक फ्लाईओवर और मेट्रो लाइन के नीचे छिप गए हैं।
नगर निगम के मुख्यालय में जलभराव हो गया है। कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज में लगे रोजगार मेले का पंडाल पानी में डूब गया। गोलागंज में घरों और दुकानों में पानी घुस गया है। हजरतगंज चौराहे पर जलभराव के बीच ट्रैफिक पुलिस ट्रैफिक कंट्रोल कर रही है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिनभर काले बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में बारिश होगी। तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। बारिश के बाद राजधानी के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। फिलहाल तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जो बारिश के बाद घटकर 30 डिग्री के करीब आ गया। न्यूनतम तापमान भी घटकर लगभग 25 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
लखनऊ में दोपहर में हुई मूसलाधार बारिश से इंदिरा नगर के भूतनाथ मार्केट में मुख्य सड़क पर एक फीट पानी भर गया। इससे व्यापारियों और खरीदारी करने आए लोगों को परेशानी हुई।