लखनऊ : UPPCL की सेवाएं 16-घंटे के लिए बंद रहेंगी
लखनऊ में स्मार्ट मीटर और प्रीपेड स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए आज यानी 3 अप्रैल रात 10 बजे से 4 अप्रैल दोपहर 2 बजे तक बिलिंग सेवा, ऑनलाइन उपभोक्ता पोर्टल और UPPCL कंज्यूमर ऐप काम नहीं करेंगे। उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड की तरफ से इसकी एडवाइजरी जारी की है।
आज नहीं कटेंगे बिजली कनेक्शन
16 घंटे तक बिजली उपभोक्ता बिलिंग भुगतान, स्मार्ट मीटर रिचार्ज, बिल जनरेशन, भार वृद्धि जैसे काम भी नहीं हो सकेंगे। हालांकि 3 अप्रैल शुक्रवार को सार्वजनिक छुट्टी है। इस दिन बिजली विभाग में न तो बकाएदारों की बिजली कटती है और न ही कोई काम होता है।
इसलिए इस दिन को मरम्मत कार्य के लिए चुना गया है। 4 अप्रैल यानी शनिवार सुबह 10 बजे के बाद ही बकाएदारों के कनेक्शन काटने का काम फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने अपनी आरएमएस (Revenue Management System) बिलिंग प्रणाली में मेंटेनेंस और कॉन्फिगरेशन कार्य के कारण अस्थाई रूप से बंद करने का फैसला लिया है। इससे मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड और केस्को (Kanpur Electricity Supply Company) के इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। UPPCL ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आज समय से अपना बिल चेक करें, पेमेंट कर लें और स्मार्ट मीटर में पर्याप्त बैलेंस सुनिश्चित कर लें। कम बैलेंस वाले उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क किया जा सकता है।

