नोएडा : बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, दो दर्जन से ज्यादा झुलसे
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा से बड़ी खबर सामने आई है. यहां के सेक्टर-4 में स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. फिलहाल आग बुझाने की कोशिश जारी है. भीषण आग को देखते हुए आसपास के इलाकों को खाली कराया गया है. थाना फेस-1 पुलिस व दमकल टीम मौके पर मौजूद है. बता दें, आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. मगर, जिस समय आग लगी उस दौरान फैक्ट्री के अंदर 250 लोग मौजूद थे. दो दर्जन से ज्यादा लोग आग से झुलस गए हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ये काम होता है फैक्ट्री में
नोएडा पुलिस के अनुसार, नोएडा के सेक्टर-4 स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड कंपनी में बिजली मीटर बनाए जाने का काम होता है. गुरुवार सुबह अचानक आग लग गई. तुरंत पुलिस और फायर बिग्रेड को जानकारी दी गई. आनन-फानन में एक के बाद एक तीन गाड़िया दमकल विभाग की पहुंची और आग बुझाने में लग गई. फिलहाल आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पा सका है.
मौके पर स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद है. अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था गौतमबुद्धनगर राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि आग लगने के समय करीब 250 लोग फैक्ट्री के अंदर थे. इससे चीख पुकार मच गई. करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग झुलसे हैं. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. आग बुझाने की कोशिश जारी है.

