Dailynews

मुरादाबाद में 70 कपड़ा गोदामों में भीषण आग, 10 घंटे बाद 60 फायर कर्मियों ने पाया काबू

मुरादाबाद में सोमवार शाम पुराने कपड़ों के गोदाम में भीषण आग लग गई। हवा तेज चलने से आग 5 गोदामों से फैलकर 70 गोदामों तक पहुंच गई है। मौके पर काम कर रहे मजदूर जान बचाकर भागे।

फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंची। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे 60 कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाने में करीब 10 घंटे लग गए। इस दौरान रामपुर, अमरोहा, संभल से भी फायर टेंडर पहुंचे थे। आग इतनी भीषण थी कि आग की लपटें और धुएं के गुबार 2 Km दूर से दिखाई दिए।

आसपास के घरों को भी खाली करा दिया गया। करीब 5 करोड़ रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि, अग्निशमन विभाग इसका अलग से मूल्यांकन की तैयारी कर रहा है।। हादसा जिले के भोजपुर कस्बे का है।

भोजपुर से सटे रानी नागल में कपड़े के करीब 100 से ज्यादा गोदाम हैं। यहां पुराने कपड़े स्टोर किए जाते हैं। इन गोदामों में लेबर पुराने कपड़ों से दरियां बनाते हैं, वहीं पर रहते भी हैं।

सोमवार शाम करीब 7 बजे लोगों ने एक गोदाम से धुआं उठते देखा। शोर मचाते हुए लोगों ने पानी डालना शुरू किया। मगर हवा तेज थी, इसलिए आग तेजी से आसपास के गोदाम में भी फैल गई। बुझाने का प्रयास करते हुए लोग घबराए, तब फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

एक-एक करके 5 गोदामों तक आग फैल गई। करीब 14 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रही।

SP क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया, ‘भोजपुर के रानीनगला गांव में आग लगी थी। 14 दमकल की गाड़ियों ने करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।यहां किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

मुरादाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी केके ओझा ने बताया- आग पर काबू पा लिया गया है और आग को आगे फैलने से रोक दिया गया है। अग्निशमन अभियान जारी है। 12 दमकल गाड़ियां यहां मौजूद हैं। ऑपरेशन लगातार जारी है। आग और नुकसान के कारणों का पता लगाया जाएगा। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *