मेरठ : सपा विधायक SP से भिड़े, सांसद को रोका तो भड़के
मेरठ में दलित महिला की हत्या कर उसकी बेटी को अगवा करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिवार से मिलने जा रहे सांसद रामजीलाल सुमन और सपा विधायक अतुल प्रधान को पुलिस ने प्रतापपुर टोल पर रोक दिया। इसके बाद सपा कार्यकर्ता भड़क गए। उनकी पुलिस से झड़प हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है।
इसमें दिख रहा है कि SP ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा और परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला से अतुल प्रधान के बीच धक्का-मुक्की हो रही है। अतुल प्रधान अफसरों पर भड़कते नजर आ रहे हैं। अफसर उन्हें रोकने में लगे हैं। काफी देर तक हंगामा चला। इसके बाद सपाइयों को लौटना पड़ा। पुलिस ने मेरठ की सभी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी है। चेकिंग के बाद ही आगे जाने दे रही है। इसके चलते दौराला टोल प्लाजा पर 3 किमी लंबा जाम लग गया है।
इधर, भाजपा नेता संगीत सोम और हरेंद्र मलिक ने कपसाड़ गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद भी परिवार से मिलने पहुंच सकते हैं। फिलहाल, आरोपी और लड़की का अब तक पता नहीं चल पाया है।
गांव में हालात को देखते हुए 10 थानों की पुलिस के साथ RAF और PAC भी तैनात हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लगातार समझाने के बाद परिजनों ने कल 30 घंटे बाद लड़की की मां का अंतिम संस्कार किया था। सपा विधायक की SP ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा और परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला से जमकर धक्का-मुक्की हुई।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात कर तीन लाख रुपए की मदद का ऐलान किया, जबकि अतुल प्रधान ने मौके पर दो लाख रुपए का चेक सौंपा। परिजन आरोपी कंपाउंडर की गिरफ्तारी और लड़की की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं। लड़की के पिता ने कहा- बेटी की शादी तय हो चुकी थी। दरिंदों ने सब बर्बाद कर दिया। वहीं, भाई ने बहन की जान को खतरा बताया है।

