Hindi News LIVE

आगरा में खनन माफियाओं ने सिपाही को गोली मारी, पुलिस जीप को ट्रैक्टर लगाकर घेरा

आगरा में शनिवार सुबह खनन माफियाओं ने सिपाही को गोली मार दी। गोली सिपाही के कान के पास लगी है। पुलिस बालू से भरी अवैध ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा कर रही थी। तभी बदमाशों ने पुलिस की जीप को घेर लिया। पहले गाड़ी में तोड़फोड़ की, फिर कई राउंड गोली चलाई। जान बचाने के लिए पुलिस को वहां से भागना पड़ा।

घटना शनिवार सुबह 8 बजे खेरागढ़ कस्बे में समाध गांव के पास की है। सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई थानों की फोर्स के साथ एसीपी मौके पर पहुंचे। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।

खेरागढ़ पुलिस को सूचना मिली कि अवैध बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आ रही हैं। इंस्पेक्टर खेरागढ़ देव करन सिंह ने 5 पुलिस वालों के साथ तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का पीछा किया।

इस दौरान बदमाशों ने ट्रॉली को अलग किया और ट्रैक्टर को घनी बस्ती की तरफ मोड़ दिया। वहां पुलिस की गाड़ी को घेरकर पहले जमकर पथराव किया। इसके बाद फायरिंग करने लगे। खुद को घिरता देख पुलिस वालों ने किसी तरह से भाग कर अपनी जान बचाई। मौके पर आरोपी फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों की एक गोली सिपाही अजय के कान के पास लगी। उन्हें रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही ACP इमरान अहमद कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सील करके जांच-पड़ताल की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ करके बदमाशों के पहचान की कोशिश की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बदमाश ट्रैक्टर लेकर किधर भागे हैं।

एसीपी इमरान अहमद ने बताया- घायल सिपाही अजय को आगरा के रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वह खतरे से बाहर हैं। खनन माफियाओं के जिन गुर्गों ने पुलिस पर हमला किया उन्हें पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है।

जिस जगह पर यह घटना हुई वहां आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किया जा रहे हैं। देखा जा रहा है कि वह ट्रैक्टर लेकर किस दिशा में भागे हैं। ट्रैक्टर पर नंबर कहां का है। आरोपियों की पहचान की जा रही है।डीसीपी पश्चिमी सोनम कुमार ने बताया कि घटनास्थल की जांच पड़ताल की गई है। बदमाशों को पकड़ने के लिए 6 टीमों को लगाया गया है। ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की पूरी कोशिश की जा रही है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *