Crime News

मिर्जापुर : मॉर्निंग वॉक पर निकले वकील के सीने पर मारी गोली

मिर्जापुर में शनिवार सुबह 7.15 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले सीनियर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो हमलावर बाइक से आए। उन्हें रास्ते में रोका और सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। खून से लथपथ वकील जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV में रिकॉर्ड हो गई।

वकील का नाम राजीव सिंह (45) है। उनकी पत्नी ग्राम प्रधान हैं। खुद भी 2 बार प्रधान रह चुके थे। वारदात के बाद भागते वक्त हमलावरों की बाइक बंद हो गई। लोग उन्हें पकड़ने दौड़े तो उन्होंने तमंचा तान दिया। डरकर लोग पीछे हट गए। घटना जिला मुख्यालय से 2 किलोमीटर दूर कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारु का पुरा मोहल्ले की है।

  • एक मिनट के CCTV में दिख रहा है कि हमलावर बाइक से थे। नीली शर्ट पहने आरोपी बाइक चला रहा था। सफेद पैंट शर्ट के साथ गले में गमछा लटकाए हमलावर पीछे बैठा था। वकील को देखकर हमलावर हाथ में तमंचा लेकर उतरता है। रोककर फायर कर देता है। वारदात के बाद हमलावर और उसके साथी ने भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हुई।
  • बाइक चला रहे साथी आरोपी ने 15-16 बार किक मारी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हमलावर ने उसे पीछे किया और खुद बाइक स्टार्ट करने लगा। लोग हमलावरों को पकड़ने दौड़े तो उन्हें तमंचा दिखाकर धमकाया। हमलावर ने किक मारकर बाइक स्टार्ट की। फिर मौके से दोनों फरार हो गए।

मूलरूप से विंध्याचल थाना के देवरी गांव के रहने वाले राजीव सिंह उर्फ रिंकू कटरा कोतवाली में रहते थे। 2011 में यहां जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। बच्चों की पढ़ाई की वजह से यहीं रहते थे। यहीं से कोर्ट आते-जाते थे। गांव में पत्नी प्रतिभा सिंह (40) प्रधान हैं। इस वजह से गांव भी आना जाना लगा रहता था। उनके 2 बेटे ओम (18) और सार्थक (12) हैं।

एसपी अपर्णा रजत ने बताया- राजीव सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे, तभी बाइक सवार बदमाश हत्या करके फरार हो गए। आसपास के लोग घायल वकील को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *