News

मांट : हाइवे पर जाम लगाने वाला दक्ष चौधरी को भेज दिया जेल

मथुरा में फरसा वाले बाबा की सड़क हादसे में मौत के बाद भड़के हंगामे पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में दक्ष चौधरी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

दरअसल, शनिवार को फरसा वाले बाबा के नाम से प्रसिद्ध संत की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद उनके समर्थकों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए।

समर्थकों ने संत का शव हाईवे पर रखकर करीब चार घंटे तक जाम लगाया। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और लंबी कतारें लग गईं।

प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए और पुलिस पर पथराव किया गया। एक पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की गई, वहीं अधिकारियों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दक्ष चौधरी और उसके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, तोड़फोड़ और हंगामा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दक्ष चौधरी समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया। रविवार को उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और इसके बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मांट थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *