मुरादाबाद : एक्सपोर्ट फैक्ट्री के कर्मचारियों को लेकर जा रही बस पलटी
मुरादाबाद में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर हरिद्वार हाईवे पर पलट गई। हादसे के समय बस एक एक्सपोर्ट फैक्ट्री से कर्मचारियों को लेकर मुरादाबाद शहर लौट रही थी। हादसे में बस सवार 30 में से 20 एक्सपोर्ट कर्मी घायल हुए हैं। इनमें से 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के समय बस का चालक नशे की हालत में था। जिसकी वजह से ये हादसा हुआ। हादसा सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अगवानपुर फ्लाइओवर के पास हुआ। अगवानपुर फ्लाइओवर पर प्राइवेट बस के पलटने से उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। घायल महिला के पति ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री मालिक जबरन देर रात तक स्टाफ से काम करा रहा था। ये बस छजलैट के लदावली में स्थित फाइनस्को एक्सपोर्ट कंपनी के 30 कर्मचारियों को लेकर प्रभात मार्केट मुरादाबाद जा रही थी। इस फर्म के मालिक पुनीत हैं। फर्म के कर्मचारियों को रोजाना यही बस लाती जे जाती है। मंगलवार रात करीब 12 बजे ओवरटाइम के बाद ये बस स्टाफ को लेकर मुरादाबाद शहर की तरफ आ रही थी, तभी फ्लाईओवर के नॉर्थ फुट के पास पहुंची, तो अचानक अनियंत्रित होकर ड्राइवर साइड पर पलट गई। हादसे में लगभग 20 यात्री घायल हो गए। जिनमें 4 यात्रियों के गंभीर चोटें आई हैं।
बस पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को बस से निकला। सभी घायलों को कॉसमॉस और डेंटल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया।