मुरादाबाद : नमाज पढ़कर लौट रहे कारोबारी को 3 गोलियां मारीं
मुरादाबाद में टायर कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार रात करीब 9.20 बजे वह मस्जिद से नमाज पढ़कर अपने भाई के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे नकाबपोश हमलावर ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर ने चार राउंड फायरिंग की, जिनमें से तीन गोलियां कारोबारी की पीठ में लगीं।
गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। यह देखकर हमलावर मौके से फरार हो गया। भाई ने भागकर अपनी जान बचाई। परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल कारोबारी को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी ने एक वीडियो जारी किया। इसमें वह पिस्टल दिखाते हुए कह रहा है कि कारोबारी ने उस पर चोरी का आरोप लगाया था। कमरे में बंद कर पिटाई की थी। उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। उसे कारोबारी से जान का खतरा था, इसलिए यह कदम उठाया।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। इलाके के CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। घटना कुंदरकी कस्बे की है।
पुलिस के मुताबिक, कुंदरकी कस्बे में ब्लॉक के पास रहने वाले अनीस अहमद पाशा (48) की पाकबड़ा कस्बे में टायर की एजेंसी है। शुक्रवार को उन्होंने घर पर रोजा इफ्तार किया। नमाज अदा करने मस्जिद गए। रात करीब 9.20 बजे वह अपने भाई नफीस और बच्चों के साथ नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे।
घर से कुछ दूरी पर एक नकाबपोश हमलावर घात लगाए बैठा था। जैसे ही वे पहुंचे, हमलावर ने फायरिंग कर दी। गोली लगते ही अनीस अहमद पाशा जमीन पर गिर पड़े, जबकि भाई ने भागकर जान बचाई।
परिजन आनन-फानन में अनीस अहमद पाशा को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।हत्या के बाद आरोपी ने जारी किया वीडियो घटना के कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो सामने आया। वह अपना नाम मोहम्मद अरमान बता रहा था। वीडियो में वह घटना की जिम्मेदारी लेते हुए कह रहा है कि उसने अनीस पाशा को 3-4 गोलियां मारी हैं।
वीडियो में वह वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी दिखा रहा है। उसका आरोप है कि अनीस पाशा ने कस्बे की ताजमहल बिल्डिंग में हुए चुनाव के दौरान उसके साथ मारपीट की थी। चोरी का आरोप लगाकर उसे कमरे में बंद कर पीटा गया था।
आरोपी को तलाश रहे, टीमें दबिश दे रहीं
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया-

नमाज अदा कर घर लौट रहे टायर कारोबारी अनीस पाशा पर बदमाश ने फायरिंग की थी। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

