मुरादाबाद : BJP नेता के घर के बाहर धरने पर बैठी प्रेमिका
मुरादाबाद में शादी करने जा रहे भाजपा नेता के घर पर उनकी प्रेमिका ने धरना दिया। प्रेमिका का कहना है कि दोनों के बीच 8 साल से अफेयर था। नेता ने शादी का वादा किया था, लेकिन अब वह दूसरी शादी करने जा रहा है। युवती ने कहा- मैं अपने जीते जी उसे किसी और से शादी नहीं करने दूंगी। वह या तो मुझे अपनाए या मेरी हत्या कर दे।
मामला कुंदरकी थाना क्षेत्र का है। रविवार सुबह जब प्रेमिका ने धरना शुरू किया, तो भाजपा नेता घर छोड़कर कहीं चले गए। युवती के धरने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक उसे समझाती रही।
पुलिस के समझाने के बाद देर रात वह मानी और अपने घर जाने को राजी हो गई। उधर, भाजपा नेता ने युवती पर रुपए ऐंठने के लिए ड्रामा कर शादी तोड़वाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा- युवती पहले भी उनसे लाखों रुपए वसूल चुकी है।
भाजपा नेता ब्रजेश लोधी, कुंदरकी के नानपुर गांव के रहने वाले हैं। वह भाजपा के रतनपुर कला मंडल के अध्यक्ष रह चुके हैं। साल 2018 में ब्रजेश की रामपुर जिले की नीरज कुमारी से फेसबुक पर दोस्ती हुई।
धीरे-धीरे दोनों में बातचीत शुरू हुई, फिर नजदीकियां बढ़नी शुरू हुई। ब्रजेश मुरादाबाद कचहरी में वकालत करते हैं जबकि नीरज भी यहीं किराए पर रहती है। इसलिए दोनों में मुलाकात का भी सिलसिला शुरू हो गया। भाजपा नेता के घर पर धरना देने वाली युवती ने बताया- 2018 से हम दोनों का अफेयर है। मंदिर में उसने मुझसे शादी की थी और समाज के सामने शादी का वादा किया था। लेकिन अब वह दूसरी युवती से शादी करने जा रहा है। 19 फरवरी को वह दूसरे जगह बारात लेकर जाएगा।
मैं ऐसा नहीं होने दूंगी। उसने मेरा 8 साल तक शारीरिक शोषण किया। या तो ब्रजेश मुझे अपनाकर अपने घर ले जाए, नहीं तो मेरी हत्या कर दें। अब मैं वापस अपने घर नहीं जाऊंगी
धरना दे रही युवती के आरोपों पर बीजेपी नेता ब्रजेश सिंह लोधी ने कहा- 2018 में मेरी और नीरज कुमारी की शादी तय हुई थी, लेकिन 2019 में यह बात खत्म हो गई। इसके बाद से ही युवती और उसका भाई मुझ पर लगातार दबाव डाल रहे हैं।
जून 2025 में युवती ने कोतवाली में शारीरिक उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज करवा दी थी, जिसमें 7 लाख रुपए लेकर समझौता किया गया था। ढाई लाख रुपए युवती के भाई ने भी लिए थे।
वह फिर से ब्लैकमेलिंग कर पैसा ऐंठना चाहती है। मेरी शादी किसी दूसरी युवती से तय हो गई थी। 18 फरवरी को लग्न और 19 फरवरी को बारात जानी थी। उसके ड्रामा करने के कारण यह रिश्ता भी टूट गया।
युवती ने भाजपा नेता द्वारा भेजे गए मैसेज के स्क्रीनशॉट शेयर किए
प्रेमिका, भाजपा नेता के मैसेजों के स्क्रीनशॉट्स भी शेयर किए हैं। उसने बताया कि ब्रजेश लगातार मैसेज भेजता था।
6:34 PM: हमें कुछ नहीं चाहिए। 6:37 PM: मुझे केवल मेरी नीरज चाहिए। मेरी नीरज का प्रेम चाहिए। वो प्रेम जो संसार में मुझे कहीं और से कभी प्राप्त नहीं हो सकता। 6:39 PM: उस दिन से मन बहुत परेशान है। 6:53 PM: पता है, आज आपकी एक बात सुनकर बहुत दुःख हुआ और हम एकांत में बहुत रोए। हम सच कह रहे हैं। हमारी वजह से आपको सड़क किनारे बैठकर रोना पड़ा। 6:53 PM: “हमने आपको बहुत तकलीफ़, बहुत दर्द और दुख दिया है।” 6:56 PM: हम माफी के लायक नहीं हैं। 6:56 PM: हम आपके दोषी हैं। 7:00 PM: आई लव यू, मेरी नीरज।
कुंदरकी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने कहा- युवती और युवक दोनों पक्षों को सोमवार को बातचीत के लिए बुलाया गया है। दोनों की बातें सुनने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

