Dailynews

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेगा NCR का नया ग्लोबल गेटवे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को गौतम बुद्ध नगर जिले में जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्धाटन करेंगे। पीएम सुबह करीब 11:30 बजे टर्मिनल बिल्डिंग का वॉकथ्रू करेंगे। फिर दोपहर 12 बजे एयरपोर्ट के फेज-1 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर वे एक सार्वजनिक सभा को भी संबोधित करेंगे।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) भारत के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में से एक है। इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर लगभग 11,200 करोड़ रुपए के निवेश से विकसित किया गया है। यह दिल्ली-NCR क्षेत्र के लिए दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा। यह इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पूरक बनेगा। ये एयरपोर्ट NCR को दुनिया के प्रमुख एविएशन हब में बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।

एयरपोर्ट की प्रमुख विशेषताएं

  • शुरुआती पैसेंजर हैंडलिंग क्षमता 12 मिलियन पैसेंजर प्रति वर्ष (MPPA) होगा, जिसे बढ़ाकर 70 MPPA तक किया जा सकेगा।
  • 3,900 मीटर लंबा रनवे, जो वाइड-बॉडी एयरक्राफ्ट को आसानी से हैंडल कर सकेगा।
  • आधुनिक नेविगेशन सिस्टम, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और एडवांस्ड एयरफील्ड लाइटिंग के साथ 24 घंटे और हर मौसम में संचालन की सुविधा होगी।
  • मल्टी-मॉडल कार्गो हब बनेगा। शुरुआत में 2.5 लाख मीट्रिक टन से अधिक कार्गो हैंडलिंग क्षमता होगी। जिसे बढ़ाकर 18 लाख मीट्रिक टन तक किया जा सकेगा।
  • 40 एकड़ में मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (MRO) सुविधा होगी।
  • नेट-जीरो एमिशन लक्ष्य के साथ एनर्जी एफिशिएंट और पर्यावरण अनुकूल डिजाइन है।
  • भारतीय विरासत से प्रेरित आर्किटेक्चर, जिसमें घाटों और हवेलियों की झलक है।

मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में डिजाइन

एयरपोर्ट को मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में डिजाइन किया गया है, जिसमें सड़क, रेल, मेट्रो और रीजनल ट्रांजिट सिस्टम का आसान एकीकरण होगा। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित यह एयरपोर्ट यात्रियों और कार्गो दोनों के लिए बेहतरीन कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा।

दिल्ली-NCR से सीधी और तेज कनेक्टिविटी

नोएडा में यातायात को नई रफ्तार देने के लिए चिल्ला रोड से सेक्टर-94 तक 1.8 किमी लंबा एलिवेटेड मार्ग बन रहा है। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण ने 150 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। यह मार्ग दिल्ली से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधी पहुंच प्रदान करेगा और सेक्टर-18 तथा फिल्म सिटी के भारी ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत दिलाएगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन भारत की एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाई देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह परियोजना न सिर्फ NCR की भीड़ को कम करेगी, बल्कि क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा देगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *