google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Dailynews

नोएडा : गंजापन की बात छिपाकर की शादी, पत्नी ने कराई FIR

नोएडा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां के महिला ने सिर्फ इसलिए अपने पति पर FIR करा दी। क्योंकि उसने शादी के समय अपने गंजेपन की बात उससे छिपाई थी।

महिला ने ससुराल वालों पर झूठ बोलकर शादी कराने का आरोप लगाया है। उसका कहना है ससुराल वालों ने शादी के समय अपने बेटे को लेकर जो भी जानकारी दी थी वो बातें बाद में झूठी निकली। बताया था कि उनका बेटा बीकॉम किया है, जबकि वह 12वीं पास है। उसकी सैलरी 18 लाख बताई थी जबकि वह कोई काम नहीं करता है।

राज खुलने पर पति और उसके घरवाले उसके साथ मारपीट करने लगे। दबाब बनाने के लिए पति ने मोबाइल फोन से प्राइवेट फोटो निकाल लिए। इन फोटो को वायरल करने की धमकी देकर जबरन रुपए वसूलता रहा। बाद में 15 लाख रुपए के गहने छीनकर घर से निकाल दिया।

उसने 4 जनवरी को पति समेत ससुराल के 5 लोगों पर FIR दर्ज कराई है। पुलिस अब मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना बिसरख कोतवाली क्षेत्र की है। गौर सिटी सोसाइटी में रहने वाली महिला ने बताया- वह फार्मासिस्ट है। उसकी शादी दिल्ली के राणा प्रताप बाग निवासी संयम जैन से 16 जनवरी 2024 को हुई थी। रिश्ता घरवालों की मर्जी से हुआ था। बातचीत और मुलाकात में संयम कॉन्फिडेंट नजर आया। शादी पूरी रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। बारात आई, फेरे हुए और विदाई के बाद वह अपने ससुराल पहुंची। उस समय तक सब कुछ सामान्य लग रहा था।

सुहागरात पर सच्चाई पता चली, पूछने पर पति ने किया झगड़ा

शादी के दौरान भी पति ने विग पहनी हुई थी, लेकिन ये बात उसने छिपाए रखी। महिला का आरोप है कि सुहागरात पर पति की असलियत का पता चला। जब उसने पति से पूछा कि ये बात उसने शादी करने से पहले क्यों नहीं शेयर की। तब पति उससे झगड़ा करने लगा। उसका बिहेवियर पूरी तरह बदल गया। वह मारपीट करने पर उतारू हो गया।

ससुराल वाले बोले- बाल झड़ रहे इसलिए विग पहनी, इसमें कोई गलत बात नहीं

इसके बारे में ससुराल वालों से बात की तो उन्होंने बेटा का साथ दिया। उससे कहा कि इसमें कोई गलत बात नहीं है। बाल झड़ रहे हैं इसलिए विग पहनी है। यह कहकर चुप कराया जाने लगा कि अब शादी हो चुकी है और उसे हर हाल में इस रिश्ते को निभाना होगा। विरोध करने पर ताने, अपमान और धमकियां मिलने लगीं।

मोबाइल से निजी फोटो निकाल कर किया ब्लैकमेल

महिला के अनुसार- 10 जनवरी 2025 को वह पति के साथ आठ दिन के टूर पर थाईलैंड गई थी। वहां पति ने भारत में गांजा तस्करी करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके मोबाइल से निजी तस्वीरें निकाल ली। ब्लैकमेल कर हर महीने खाते में 10 हजार रुपए डालने को कहा। मना करने पर पिस्टल तानकर जान से मारने धमकी दी।

15 लाख के गहने लेकर घर से निकाला

भारत वापस आने पर उसे घर में अलग-थलग कर दिया गया और छोटी-छोटी बातों पर अपमानित किया जाने लगा। कुछ दिन पहले ससुराल पक्ष के लोगों ने उससे करीब 15 लाख रुपये के गहने छीन लिए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसे घर से निकाल दिया गया।

घर से निकाले जाने के बाद थाने में की शिकायत

महिला ने बिसरख कोतवाली पहुंचकर पति,सास-ससुर समेत 5 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें मारपीट, दहेज उत्पीड़न, धमकी, धोखाधड़ी और वसूली का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *