बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा : भारत हिंदू राष्ट्र बने
बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा आज (8 नवंबर) से हरियाणा पहुंच गई। 7 नवंबर को दिल्ली के छतरपुर स्थित श्री कात्यायनी मंदिर से शुरू हुई यात्रा ने जिरखोद मंदिर से होते हुए अरावली के मांगर कट से गुरुग्राम सड़क से फरीदाबाद में प्रवेश किया।
यहां केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। इसके बाद मंत्री दिल्ली चले गए। यात्रा में शामिल महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, आदि जगहों के लोगों ने कहा कि हिंदुओं को जोड़ने के लिए आए हैं। बस यही उद्देश्य है कि भारत हिंदू राष्ट्र बन जाए।
यात्रा पाली चौक के आगे बायो मेडिकल कॉलेज में दोपहर का भोजन करेगी। दोपहर के बाद यात्रा शुरू होकर बड़खल-पाली मार्ग, मस्जिद चौक, ESI चौक होते हुए NIT के दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां यात्रा का रात्रि ठहराव किया जाएगा।
इस यात्रा को लेकर पुलिस ने गुरुग्राम रोड समेत कई रास्ते बंद कर दिए हैं। पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है और लोगों से ऑप्शनल रूट से निकलने की अपील की है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की यात्रा का समापन यूपी के वृंदावन में होगा।
फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा को लेकर फरीदाबाद से गुरुग्राम जाने वाले रोड को दोनों तरफ से बंद कर दिया गया है। यात्रा के दशहरा मैदान पहुंचने के बाद ही इस रोड को खोला जाएगा। गुरुग्राम जाने के लिए लोग अंखिर गोल चक्कर, सूरजकुंड गोल चक्कर, शूटिंग रेंज, मेहरौली सड़क मार्ग या मुंबई एक्सप्रेसवे मार्ग का चयन करें।NIT के दशहरा मैदान से 9 नवंबर की सुबह यात्रा को फिर से शुरू किया जाएगा। इसके बाद यात्रा शुरू होकर मेट्रो मोड़ हार्डवेयर चौक सोहना-बल्लभगढ़ रोड, सोहना टी-पॉइंट बल्लभगढ़ से होते हुए अनाज मंडी पहुंचेगी। यहां यात्रा दोपहर का भोजन करेगी। दोपहर के भोजन के बाद यात्रा NH-19 मार्ग से एलसन चौक, जेसीबी चौक होते हुए गांव सीकरी के शगुन गार्डन पहुंचेगी।
सीकरी के शगुन गार्डन में रात्रि ठहराव के बाद यात्रा 10 नवंबर की सुबह फिर से शुरू की जाएगी। जिसके बाद यात्रा नेशनल हाईवे से चलते हुए पलवल जिला की सीमा में प्रवेश करेगी। पलवल के पृथला में यात्रा दोपहर का भोजन करेगी। जिसके बाद रात को पलवल के एक स्कूल में रात को विश्राम किया जाएगा। 11 नवंबर को यात्रा को फिर से चालू किया जाएगा।
जिसके बाद पलवल के गांव मितरोल में यात्रा का रात्री ठहराव होगा। 12 नंवबर को गांव मितरोल से फिर से यात्रा को शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद गांव बंचारी में यात्रा दोपहर का भोजन करेगी। 12 नवंबर को होडल की मंडी में यात्रा रात्रि ठहराव करेगी। यह यात्रा 16 नवंबर को बाँके बिहारी मंदिर, वृंदावन (उत्तर प्रदेश) में सम्पन्न होगी।
फरीदाबाद पुलिस के जॉइंट सीपी राजेश दुग्गल ने कहा कि यात्रा के रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है। इसे लेकर पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों के इस्तेमाल की सलाह दी है। पुलिस ने लोगों की सहायता के लिए और ट्रैफिक के बारे में जानकारी लेने ट्रैफिक कंट्रोल रूम 0129-2267201, 222 5999 नंबर जारी किया है।

