Technology

फोनपे का धमाकेदार कार्ड, मेट्रो-बस-ट्रेन और पार्किंग हर जगह होगा भुगतान

 दिल्‍ली. डिजिटल पेमेंट और फाइनेंशियल सर्विस प्‍लेटफॉर्म फोनपे ने रोजाना सफर करने वालों के लिए एक धमाकेदार कार्ड लॉन्‍च किया है. ‘फोनपे रूपे ऑन-द-गो कार्ड’ एक राष्ट्रीय सार्वजनिक परिवहन कार्ड (एनसीएमसी) है, जो मेट्रो से लेकर बस और ट्रेन सभी जगह काम करेगा. सबसे खास बात यह है कि इसके इस्‍तेमाल के लिए इंटरनेट की भी जरूरत नहीं होगी. यह पहल भारत के ‘एक देश एक कार्ड’ दृष्टिकोण की दिशा में बड़ा कदम है, जिसका उद्देश्य पूरे देश में सार्वजनिक परिवहन के भुगतान को डिजिटलीकृत करना है.

फोनपे का ‘ऑन-द-गो’ कार्ड यूजर्स की रोजाना यात्रा को सरल बनाने के लिए तैयार किया गया है और यह एक एकीकृत परिवहन कार्ड के रूप में काम करता है. इससे मेट्रो, बस, ट्रेन, टोल और पार्किंग जैसी सभी एनसीएमसी-सक्षम सेवाओं पर टैप एंड पे के के जरिये लेनदेन किया जा सकेगा. इस कार्ड की एक प्रमुख विशेषता यह है कि इसे तुरंत जारी किया जा सकता है जिससे लाखों यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ेगी. यह कार्ड प्री-पेड मॉडल पर काम करता है जिसमें राशि सीधे कार्ड की चिप में एकत्रित रहती है. इस व्यवस्था के कारण इंटरनेट के बिना भी इससे भुगतान संभव होगा.

यूजर्स इस कार्ड में अधिकतम 2,000 रुपये तक की राशि जमा कर सकते हैं, जबकि एक बार में बिना इंटरनेट के भुगतान की अधिकतम सीमा 500 रुपये है. फोनपे में भुगतान विभाग के प्रमुख दीप अग्रवाल ने कहा कि हम फोनपे ‘ऑन-द-गो’ कार्ड पेश करने को लेकर उत्साहित हैं जिसका लक्ष्य उन करोड़ों उपभोक्ताओं को सुविधा देना है जो रोजाना सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करते हैं. यह कार्ड देशभर में परिवहन सेवाओं पर तत्‍काल ‘टैप एंड पे’ की सुविधा देता है.

उन्होंने कहा कि यह कार्ड इंटरनेट के बिना भी काम करता है, क्योंकि भुगतान कार्ड में उपलब्ध शेष राशि से होता है. यह हमारे डिजिटल वॉलेट प्रणाली को राष्ट्रीय सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने की दिशा में पहला कदम है, जिससे हर यात्री को सुरक्षित अनुभव मिलेगा और एनसीएमसी ढांचे के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर आपसी संचालन क्षमता को भी बढ़ावा मिलेगा. इस कार्ड की शुरुआत फिलहाल हैदराबाद मेट्रो से की जा रही है. इसे एलएंडटी मेट्रो रेल हैदराबाद लिमिटेड के साथ साझेदारी में लागू किया गया है. भविष्य में इसे देश के अन्य परिवहन सेवा प्रोवाइडर्स के साथ भी जोड़ा जाएगा.

हैदराबाद मेट्रो के टिकट काउंटर से लोग फोनपे ‘ऑन-द-गो’ कार्ड खरीद सकेंगे. फोन नंबर के एक बार पासवर्ड सत्यापन के बाद मेट्रो एजेंट इस कार्ड को जारी कर देगा और इसे यूपीआई, नकद या कार्ड के माध्यम से रिचार्ज भी किया जा सकेगा. हालांकि, शुरुआत में यह कार्ड हैदराबाद में जारी किया जा रहा है लेकिन यह पूरी तरह परस्पर-संचालित है. देशभर के सभी एनसीएमसी-सक्षम सार्वजनिक परिवहन केंद्रों पर इसे इस्तेमाल और ‘रिचार्ज’ किया जा सकता है जिनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे शहर शामिल हैं. भौतिक कार्ड के अलावा फोनपे अपने अनुप्रयोग के माध्यम से डिजिटल टिकट, पास एवं स्मार्ट कार्ड रिचार्ज की सुविधा भी देता है जिससे यात्रियों को एक समग्र डिजिटल अनुभव मिलता है.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *